राजपाल यादव की बढ़ीं मुश्किलें, यूपी वाले घर पर कुर्की का नोटिस; 34 दिन में लोन नहीं चुकाया तो होगी नीलामी

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के शाहजहांपुर स्थित पैतृक घर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 16.61 करोड़ रुपये के बकाया लोन को लेकर कुर्की का नोटिस लगाया है.

X
Ashutosh Rai

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी और आर्थिक विवादों में घिर गए हैं. शाहजहांपुर स्थित उनके पैतृक घर पर बैंक ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया है. इससे पहले भी वह चेक बाउंस मामले में जेल जा चुके हैं. अब बैंक ने लोन वसूली के लिए सख्त कदम उठाया है.

शाहजहांपुर वाले घर पर बैंक की कार्रवाई

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शाहजहांपुर के कुंद्रा गांव स्थित राजपाल यादव के पैतृक घर पर कुर्की का नोटिस लगाया है. बैंक के मुताबिक अभिनेता ने मुंबई शाखा से अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी के नाम पर 16.61 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिसका भुगतान समय पर नहीं हो सका. बैंक ने नोटिस में साफ कहा है कि अगर 34 दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि जमा नहीं की गई तो 9 सितंबर को संपत्ति की नीलामी की जाएगी. हालांकि नोटिस लगाए जाने के कुछ समय बाद परिवार के लोगों ने उसे हटा दिया.

बैंक से बातचीत जारीः श्रीपाल यादव

राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने पूरे मामले को पुराना बताते हुए कहा कि बैंक के साथ लगातार बातचीत चल रही है. उनका कहना है कि लोन चुकाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच समाधान निकालने की कोशिश हो रही है और जल्द ही मामला सुलझ जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल घर की नीलामी जैसी स्थिति नहीं बनी है. बैंक अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले करीब दो साल पहले भी इसी संपत्ति पर नोटिस लगाया गया था. उस समय बैंक और राजपाल यादव के बीच भुगतान को लेकर सहमति बनी थी लेकिन बाद में मामला फिर लंबित हो गया.


चेक बाउंस केस ने बढ़ाई मुश्किलें

राजपाल यादव पहले से ही चेक बाउंस मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने 7 जुलाई को उन्हें सात मामलों में तीन महीने की जेल की सजा सुनाई थी. हर मामले में शिकायतकर्ता को 1.05 करोड़ रुपये देने का आदेश दिया गया था. यह विवाद उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है, जिसके निर्माण के लिए उन्होंने साल 2010 में करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म सफल नहीं हो सकी और कर्ज समय पर नहीं चुकाया गया. इसके बाद चेक बाउंस के मामले दर्ज हुए. फिलहाल वह अंतरिम जमानत पर बाहर हैं लेकिन अब बैंक की कार्रवाई ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं.