राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'टोस्टर' की रिलीज डेट से उठा पर्दा; जानें OTT पर कब और कहां देख सकेंगे

राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा ​​अभिनीत फिल्म 'टोस्टर' नेटफ्लिक्स पर जल्द ही स्ट्रीम होगी. यह डार्क कॉमेडी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो शादी का तोहफा वापस पाने के लिए जुनूनी रूप से प्रयास करता है.

x
Antima Pal

मुंबई: राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'टोस्टर' आखिरकार रिलीज होने जा रही है. यह डार्क कॉमेडी 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग शुरू करेगी. लंबे इंतजार के बाद फैंस के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि ट्रेलर रिलीज हुए एक साल से ज्यादा समय बीत चुका था और लोग सोचने लगे थे कि फिल्म कब आएगी.

राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की 'टोस्टर' की रिलीज डेट से उठा पर्दा

फिल्म की कहानी बेहद अनोखी और मजेदार है. शादी के तोहफे के रूप में दिया गया एक साधारण टोस्टर फिल्म का केंद्र बन जाता है. आमतौर पर शादी के गिफ्ट्स को लोग बस मुस्कुराकर ले लेते हैं और फिर उन्हें भूल जाते हैं. लेकिन इस फिल्म में एक किरदार उस टोस्टर को वापस पाने के चक्कर में इतना फंस जाता है कि पूरा मामला उलझ जाता है. शादी टूटने के बाद भी यह छोटा सा गिफ्ट इतना बड़ा ड्रामा क्रिएट कर देता है कि देखते-देखते हंसी और सस्पेंस का मिश्रण हो जाता है.


राजकुमार राव इस फिल्म में एक कंजूस और जिद्दी शख्स का रोल निभा रहे हैं, जो टोस्टर को लेकर पागलपन की हद तक चला जाता है. सान्या मल्होत्रा उनके साथ मुख्य भूमिका में हैं और उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब भाने वाली है. फिल्म में अर्चना पुरन सिंह, अभिषेक बनर्जी जैसी मजबूत कास्ट भी शामिल है. निर्देशन विवेक दासचौधरी ने किया है और यह राजकुमार राव की प्रोडक्शन डेब्यू फिल्म भी मानी जा रही है.

दर्शकों को ट्रेलर भी दे चुका हंसी की डोज

ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म की चर्चा जोरों पर थी. ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक छोटी सी जिद कैसे पूरे परिवार और आसपास के लोगों की जिंदगी उलट-पुलट कर देती है. डार्क कॉमेडी का तड़का ऐसा है कि हंसते-हंसते बीच में सस्पेंस भी महसूस होता है. कई लोग कह रहे हैं कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजों को लेकर बनी यह कहानी बिल्कुल रियल लगती है, लेकिन उसमें ट्विस्ट ऐसे हैं जो अनुमान से बाहर हैं.

घर बैठे देखने को मिलेगी यह फिल्म

पहले फिल्म अगस्त 2025 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन और अन्य कारणों से इसे 2026 में शिफ्ट कर दिया गया. फरवरी में नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी रिलीज की लिस्ट में 'टोस्टर' को शामिल किया, जिसके बाद फैंस उत्साहित हो गए.अब आखिरकार 15 अप्रैल को यह फिल्म घर बैठे देखने को मिलेगी. बॉलीवुड में राजकुमार राव अपनी अलग तरह की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं.

सान्या मल्होत्रा 'दंगल' और 'बधाई हो' जैसी फिल्मों के बाद अब कॉमेडी में नई ऊंचाई छू रही हैं. दोनों अभिनेताओं का यह कॉम्बिनेशन दर्शकों को तरोताजा अनुभव देने वाला है. अगर आप हल्की-फुल्की हंसी के साथ कुछ अनोखा देखना चाहते हैं, तो 'टोस्टर' आपके लिए परफेक्ट चॉइस साबित हो सकती है.