वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को इस साल की शुरुआत में अमेरिकी सैनिकों ने हिरासत में लिया था. इस घटना के लगभग आठ महीने बाद मादुरो ने अब अपने सोशल मीडिया पर अपनी फोटो शेयर की है. शेयर की गई दो तस्वीरों में मादुरो ग्रे रंग के ट्रैकसूट और सफेद स्नीकर्स में नजर आ रहे हैं.
मादुरो की फोटो को देख कर ऐसा लग रहा है कि जैसे ये तस्वीरें न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर के अंदर ली गई हैं, जहां वे हिरासत में हैं. इस फोटो में वे मुस्कुराते और विक्ट्री साइन दिखाते नजर आ रहे हैं. हालांकि फोटो के नीचे दी गई तारीख 25 जून 2026 की है. लेकिन इसे सोशल मीडिया पर 30 अगस्त को शेयर किया गया है.
अपने इस फोटो को शेयर करते हुए वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति ने छोटा संदेश भी लिखा है. उन्होंने लिखा कि मैं ये तस्वीरें अपने सभी परिवार वालों और उन सभी लोगों को तोहफे के तौर पर भेज रहा हूं जो मुझसे प्यार करते हैं. उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि सबको पता चले कि उनकी पत्नी और वे मजबूती के साथ खड़े हैं. उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद भी दिया.
साथ ही यह भरोसा जताया कि एक दिन फिर से वेनेजुएला उठेगा. हालांकि उन्होंने अपनी जो तस्वीर साझा की है, उसे देख कर यह साफ पता चल रहा है कि इस आठ महीने में मादुरो का स्वास्थ काफी गिरा है और वे पतले दिख रहे हैं. जिन्हें नहीं पता उन्हें बता दें कि अमेरिका ने मादुरो पर ड्रग्स की तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों का आरोप लगाया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल कोर्ट ने उनके मुकदमे की सुनवाई के लिए 1 जून, 2027 की तारीख तय की है.
Quiero que sepan que estamos firmes, con el corazón lleno del amor de ustedes, ese amor que nos llega convertido en oración, en acción permanente, en solidaridad y en apoyo verdadero. Gracias infinitas por cada palabra, por cada gesto, por cada bendición. pic.twitter.com/8YstzkBakf
— Nicolás Maduro (@NicolasMaduro) August 30, 2026
मादुरों की ये तस्वीरें तब सामने आई है जब वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिका के साथ अब तक का सबसे बड़ा तेल समझौता किया है. ऐसे में लोगों का कहना है कि मादुरो अपने समर्थकों को यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि अमेरिका अब वेनेजुएला के तेल सेक्टर पर अपना कंट्रोल चाहता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते के बाद कहा कि इस समझौते से अमेरिका को वेनेजुएला के तेल के विशाल और प्रमाणित भंडार तक पहुंच मिल जाएगी. मादुरो की ये तस्वीर उनके समर्थकों के लिए खास है, क्योंकि आठ महीने में यह पहली बार हुआ है.