IPL 2026

टीवीके नेता आधव अर्जुन के विवादित बयान पर रजनीकांत ने तोड़ी चुप्पी, फैंस को जानें किस के लिए कहा शुक्रिया?

रजनीकांत ने हाल ही में तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के महासचिव आधव अर्जुन के उस दावे को पूरी तरह नकार दिया, जिसमें कहा गया था कि अभिनेता डीएमके की धमकियों की वजह से राजनीति में नहीं आए. 17 मार्च 2026 को रजनीकांत ने कहा- 'समय बोलता नहीं है, लेकिन इंतजार करता है और अपना जवाब देता है.' 

x
Antima Pal

मुंबई: तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने हाल ही में तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के महासचिव आधव अर्जुन के उस दावे को पूरी तरह नकार दिया, जिसमें कहा गया था कि अभिनेता डीएमके की धमकियों की वजह से राजनीति में नहीं आए. 17 मार्च 2026 को रजनीकांत ने कहा- 'समय बोलता नहीं है, लेकिन इंतजार करता है और अपना जवाब देता है.' 

टीवीके नेता आधव अर्जुन के विवादित बयान पर रजनीकांत ने तोड़ी चुप्पी

इस बयान से साफ है कि वे ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं ले रहे. दरअसल 12 मार्च को चेन्नई में टीवीके की एक रैली में आधव अर्जुन ने रजनीकांत पर तंज कसते हुए कहा था कि डीएमके परिवार ने उन्हें धमकियां दीं और राजनीति में एंट्री रोक दी. अर्जुन ने आगे यह भी कहा कि रजनीकांत ने बाद में रेड जायंट प्रोडक्शन की एक फिल्म में काम किया, जो कथित तौर पर डीएमके से जुड़ा है. 

सभी समर्थकों का किया शुक्रिया अदा

इस टिप्पणी को रजनीकांत और उनके फैंस ने अपमानजनक माना. कई लोगों ने इसका विरोध किया और अभिनेता के समर्थन में आवाज उठाई. रजनीकांत ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर सभी समर्थकों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा- 'मैं उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की और मेरे पक्ष में बोले.' 

पोस्ट में उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा के विपक्षी नेता एडप्पादी पलानीस्वामी, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, मंत्री रघुपति, थोल. थिरुमावलवन, एस.पी. वेलुमणि, और दोस्त अन्नामलाई, अर्जुनमूर्ति, अंबुमणि रामदास, जी.के. वासन, जॉन पांडियन, पुगाझेंधी समेत कई राजनीतिक नेताओं का नाम लिया. 

रजनीकांत ने कहा कि विभिन्न पार्टियों के इन नेताओं ने उनका साथ दिया. बता दें कि दिसंबर 2020 में रजनीकांत ने राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उन्होंने तीन पेज का बयान जारी कर कोविड-19 महामारी और अपनी सेहत का हवाला देकर राजनीति से पीछे हटने का फैसला लिया. उन्होंने कभी राजनीति में कदम नहीं रखा. अब अर्जुन के बयान ने पुरानी यादें ताजा कर दीं, लेकिन रजनीकांत ने इसे झूठा करार दिया. फैंस इस पूरे मामले से काफी नाराज हैं और सोशल मीडिया पर अर्जुन की आलोचना कर रहे हैं.