7 महीने की प्रेग्नेंसी में भी नहीं रुकीं दीपिका पादुकोण, अल्लू अर्जुन की फिल्म के लिए कर रहीं एक्शन सीन की शूटिंग

दूसरी बार मां बनने वाली दीपिका पादुकोण सात महीने की प्रेग्नेंसी के दौरान भी अल्लू अर्जुन की फिल्म राका की शूटिंग कर रही हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म के लिए कई चुनौतीपूर्ण एक्शन सीन भी पूरे किए हैं.

Instagram
Babli Rautela

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं. इस बीच उनकी प्रोफेशनल कमिटमेंट को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सात महीने की प्रेग्नेंसी के बावजूद दीपिका अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्म राका के लिए एक्शन सीन शूट कर रही हैं. उनकी इस मेहनत और समर्पण की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है. हालांकि, फिल्म की टीम या दीपिका पादुकोण की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

मैटरनिटी ब्रेक से पहले पूरा करना चाहती हैं शूटिंग

रिपोर्ट्स के अनुसार दीपिका पादुकोण मैटरनिटी ब्रेक पर जाने से पहले अपनी फिल्मों की शूटिंग पूरी करने की कोशिश कर रही हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म राका के लिए नाइट शिफ्ट में भी काम किया और कई कठिन एक्शन सीक्वेंस पूरे किए. एक रिपोर्ट में फिल्म से जुड़े एक सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि कुछ एक्शन सीन काफी चुनौतीपूर्ण और शारीरिक रूप से थकाने वाले थे. इसके बावजूद दीपिका ने उन्हें पूरा किया, जिससे पूरी टीम प्रभावित हुई.

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि दीपिका शूटिंग के साथ अपनी डेढ़ साल की बेटी का भी पूरा ध्यान रख रही हैं. ऐसे में वह परिवार और करियर के बीच संतुलन बनाकर काम कर रही हैं. उनके इस समर्पण की कई लोग सराहना कर रहे हैं और उन्हें कामकाजी महिलाओं के लिए प्रेरणा बता रहे हैं.


राका में दिखेगा दमदार स्टारकास्ट

अब तक फिल्म के निर्माताओं ने केवल अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण के नाम की आधिकारिक घोषणा की है. वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म में रश्मिका मंदाना, जाह्नवी कपूर और मृणाल ठाकुर भी नजर आ सकती हैं. हालांकि, इन कलाकारों की कास्टिंग को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राका को दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है. हालांकि, फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान अभी बाकी है. फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं और इसे लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ है.