फोन की लत ने एक्ट्रेस को पहुंचाया अस्पताल, 3 लाख रुपये में हुई सर्जरी; बोलीं- मेरा भी वीडियो मत देखना

दक्षिण भारतीय अभिनेत्री शकीला ने फोन और गेमिंग की अपनी आदत को लेकर खुलासा किया. लंबे समय तक मोबाइल इस्तेमाल के बाद गर्दन की नसों में समस्या हुई और उन्हें सर्जरी करानी पड़ी.

X
Sagar Bhardwaj

आज स्मार्टफोन मनोरंजन से लेकर काम तक जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है. लेकिन जरूरत से ज्यादा स्क्रीन टाइम स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है. दक्षिण भारतीय अभिनेत्री शकीला ने अपने हालिया व्लॉग में बताया कि लंबे समय तक फोन चलाने और गेम खेलने की आदत के कारण उन्हें गंभीर शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा और आखिरकार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा.

घंटों बेड पर बैठकर खेलती थीं गेम

शकीला ने अपने यूट्यूब व्लॉग में बताया कि वह अक्सर बेड के किनारे लेटकर लगातार चार घंटे तक मोबाइल गेम खेलती थीं. इस दौरान वह केवल चाय या कॉफी पीने के लिए उठती थीं. इसके बाद दोबारा फोन में व्यस्त हो जाती थीं. गेमिंग के साथ रील्स देखने और यूट्यूब-इंस्टाग्राम चलाने में भी उनका काफी समय बीत जाता था.

गलत पॉश्चर से गर्दन पर पड़ा असर

अभिनेत्री के मुताबिक, लंबे समय तक गलत तरीके से मोबाइल इस्तेमाल करने का असर उनकी गर्दन पर पड़ा. उन्होंने बताया कि लगातार फोन चलाने के कारण गर्दन की नसों से जुड़ी समस्या गंभीर हो गई और उन्हें ऑपरेशन करवाना पड़ा. शकीला ने इस अनुभव को साझा करते हुए लोगों को मोबाइल का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करने की सलाह दी.


चेन्नई के अस्पताल में हुई सर्जरी

शकीला के अनुसार, उनकी सर्जरी चेन्नई के मेडवे अस्पताल में हुई. ऑपरेशन डॉ. बालामुरुगन ने किया. डॉक्टर ने उन्हें ठीक होने तक नेक कॉलर पहनने की सलाह दी है. अभिनेत्री ने अपने अनुभव के आधार पर लोगों से स्क्रीन टाइम कम करने की अपील की और कहा कि अनावश्यक वीडियो देखने की आदत परेशानी बढ़ा सकती है.

लोगों को दी मोबाइल से दूरी की सलाह

शकीला ने अपने व्लॉग में मजाकिया अंदाज में यह तक कहा कि उनकी वीडियो भी न देखें, अगर इससे आपका स्क्रीन टाइम बढ़ता है. उन्होंने बताया कि इलाज पर करीब 3 लाख रुपये खर्च हुए और शारीरिक दर्द भी झेलना पड़ा. उनका संदेश साफ था कि मोबाइल उपयोगी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है.

ऐसे शुरू हुआ था फिल्मी सफर

शकीला ने 1995 में तमिल फिल्म 'प्लेगर्ल्स' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था. इस फिल्म में अभिनेत्री सिल्क स्मिता भी नजर आई थीं. हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान वर्ष 2000 में आई मलयालम फिल्म 'किन्नारा थुम्बिकल' से मिली. इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई.