क्या अक्षरा देंगी पवन सिंह को दूसरा मौका? अबॉर्शन से मारपीट और धमकियों के आरोपों से टूटा था रिश्ता

पवन सिंह द्वारा मंच से अक्षरा सिंह से माफी मांगने के बाद दोनों का पुराना रिश्ता फिर चर्चा में आ गया है. अक्षरा पहले पवन पर मारपीट, धमकी, दबाव और करियर प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप लगा चुकी हैं.

Pinterest
Km Jaya

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह ने हाल ही में मंच से अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस-सिंगर अक्षरा सिंह से माफी मांगकर हर किसी का ध्यान खींच लिया. पवन सिंह ने अक्षरा को अपना बाबू और बेटा कहकर संबोधित किया. इसके बाद दोनों के पुराने रिश्ते और उनके बीच आई कड़वाहट एक बार फिर चर्चा में है. सवाल यह है कि क्या पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच रिश्ते की कोई नई शुरुआत हो सकती है.

पवन और अक्षरा कभी भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में शामिल थे. दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय तक चर्चाएं होती रहीं. हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता बेहद खराब दौर से गुजरा. अक्षरा ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. इन आरोपों को लेकर दोनों के बीच विवाद भी काफी बढ़ गया था.

पत्नी ज्योति सिंह ने लगाया आरोप 

अक्षरा और पवन के रिश्ते को लेकर अबॉर्शन की बात भी सामने आई थी. पवन सिंह की दूसरी पत्नी ज्योति सिंह ने आरोप लगाया था कि अक्षरा पवन के बच्चे की मां बनने वाली थीं और उन्होंने तीन महीने में अबॉर्शन कराया था. ज्योति ने अक्षरा पर उनका घर तोड़ने का आरोप भी लगाया था. हालांकि, अक्षरा ने इन आरोपों से इनकार किया था. उन्होंने कहा था कि किसी के बारे में बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.


अक्षरा ने पवन सिंह पर रिश्ते के दौरान प्रताड़ित करने और खराब व्यवहार करने के आरोप भी लगाए थे. उनके मुताबिक, ज्योति सिंह से शादी के बाद भी पवन उन पर संबंध बनाए रखने का दबाव डालते थे. अक्षरा ने आरोप लगाया था कि विरोध करने पर पवन शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करते थे और उन्हें धमकियां भी दी जाती थीं.

एक्ट्रेस ने क्या बताया?

एक्ट्रेस ने यह भी दावा किया था कि पवन सिंह उनके करियर को प्रभावित करने और उन्हें काम मिलने से रोकने की कोशिश करते थे. एक इंटरव्यू में अक्षरा ने कथित मारपीट और जबरदस्ती माफी मंगवाने जैसी बातों का भी जिक्र किया था. उन्होंने यह दावा भी किया था कि पवन उनसे शादी के लिए ऐसा कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाना चाहते थे, जिसमें वह उनकी संपत्ति पर कोई अधिकार नहीं जता सकें.

अक्षरा ने कई मौकों पर बताया था कि वह पवन सिंह को बेहद प्यार करती थीं. उनके मुताबिक, वह पवन को भगवान की तरह मानती थीं और उनके प्यार में इतनी डूबी थीं कि परिवार से छिपकर उनसे मिलने जाती थीं. उन्होंने यह भी दावा किया था कि पवन कई बार सार्वजनिक जगहों पर उनसे पैर छूने के लिए कहते थे.

रिश्ते में लगा सबसे बड़ा झटका

रिश्ते में सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब पवन सिंह ने अक्षरा से अलग होने के बाद ज्योति सिंह से शादी कर ली. अक्षरा के मुताबिक, इस घटना ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था. उन्होंने एक समय यहां तक बताया था कि वह जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचने लगी थीं. हालांकि, उनके माता-पिता ने उन्हें संभाला और इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने में मदद की.

अब सालों बाद पवन सिंह की ओर से मंच पर अक्षरा से माफी मांगने की बात सामने आई है. ऐसे में दोनों के पुराने रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं. क्या अक्षरा पुराने जख्म भूलकर पवन को माफ करेंगी या दोनों के रास्ते हमेशा के लिए अलग हो चुके हैं, इसका जवाब आने वाले समय में ही मिलेगा.