मुंबई: दशकों तक तेलुगु सिनेमा में एक जानी-पहचानी सहायक एक्ट्रेस के तौर पर नजर आने वाले पावला श्यामला इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है. पावला श्यामला ने कई फिल्मों में अपने अभिनय से जान डाल दी है. लेकिन लाइमलाइट से दूर, यह अनुभवी एक्ट्रेस अब खराब सेहत, आर्थिक तंगी और इलाज सहित कई मुश्किलों से जूझ रही हैं. खबरों के मुताबिक, 15 मई को हैदराबाद में एक्ट्रेस को एक बेहद परेशान करने वाले अनुभव से गुजरना पड़ा. यह तब हुआ जब वह कुकटपल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में दिल से जुड़ी बीमारी का इलाज करवाने गई थीं. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें आर्थिक तंगी के कारण अस्पताल में भर्ती करने से मना कर दिया गया, जिससे वह एक बेहद लाचार स्थिति में फंस गईं.
बताया जा रहा है कि जब अस्पताल प्रशासन ने इलाज से मना करने के बाद उनके लिए एक कैब का इंतजाम किया जिसके बाद स्थिति और ज्यादा खराब हो गई. हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कैब ड्राइवर ने बाद में उन्हें सड़कों पर ही छोड़ दिया. वहां मौजूद लोगों के अनुसार, उन्होंने पावला श्यामला को सड़कों पर बदहवास हालत में भटकते हुए देखा. तभी वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें पहचान लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत मदद के लिए RK फाउंडेशन से संपर्क किया.
RK फाउंडेशन के डॉ. रामकृष्ण ने बताया कि एक्ट्रेस पिछले दो-तीन सालों से इस संस्था के जरिए मुफ्त इलाज करवा रही थीं. हालांकि फाउंडेशन के पास दिल की बीमारियों के इलाज के लिए सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए किसी दूसरे अस्पताल में जाना पड़ा. उनके अनुसार, पावला श्यामला का इलाज इस समय एक दूसरे अस्पताल में चल रहा है और उम्मीद है कि उनकी सेहत में सुधार आने के बाद वह वापस फाउंडेशन में लौट आएंगी. इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर से उन आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों की ओर लोगों का ध्यान खींचा है जिनका सामना यह अनुभवी एक्ट्रेस पिछले कुछ सालों से कर रही हैं.