'मुझे इस बारे में...', फिर क्यों हेरा फेरी 3 से बाहर हुए परेश रावल? डायरेक्टर प्रियदर्शन ने दिया जवाब
दिग्गज एक्टर परेश रावल एक बार फिर हेरा फेरी 3 को लेकर सुर्खियों में हैं. कहा जा रहा है कि एक्टर ने एक बार फिर हेरा फेरी 3 से अपना हाथ पीछे खींच लिया है. परेश के हेरा फेरी 3 छोड़ने की खबरों पर डायरेक्टप प्रियदर्शन ने अपना रिएक्शन साझा किया है.
मुंबई: दिग्गज एक्टर परेश रावल एक बार फिर हेरा फेरी 3 को लेकर सुर्खियों में हैं. महीनों पहले खबरें आई थीं कि एक्टर ने अपने को-स्टार्स अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ अपने मतभेद सुलझा लिए हैं और वह बाबूराव गणपतराव आप्टे के अपने मशहूर किरदार को फिर से निभाने के लिए तैयार हैं. लेकिन अब फिर से खबरें आ रही हैं कि एक्टर शायद इस प्रोजेक्ट से फिर से हट गए हैं. हालांकि ये वायरल खबरें कोई नई बात नहीं हैं बल्कि ये एक साल पुरानी जानकारी पर आधारित हैं जो सबसे पहले 2025 में सामने आई थी.
परेश रावल के हेरा फेरी 3 छोड़ने पर प्रियदर्शन
परेश के हेरा फेरी 3 छोड़ने की खबरों पर डायरेक्टप प्रियदर्शन ने अपना रिएक्शन साझा किया है. मीडिया के साथ बातचीत करते हुए डायरेक्टर ने कहा, 'मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.' इससे पहले बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, परेश ने प्रोजेक्ट से हटने के बाद मेकर्स को 11 लाख रुपये की साइनिंग फीस साथ ही 15 प्रतिशत सालाना ब्याज और कुछ अतिरिक्त मुआवजा वापस कर दिया है.
कब रिलीज होगी हेरा फेरी 3?
सूत्र ने आगे बताया, 'उनकी कुल फीस 15 करोड़ रुपये तय हुई थी. टर्म शीट में यह शर्त थी कि परेश रावल को बाकी रकम - 14.89 करोड़ रुपये - फिल्म रिलीज होने के ठीक एक महीने बाद ही मिलेगी. इस शर्त को लेकर दिग्गज एक्टर को कुछ आपत्तियां थीं. इसके अलावा फिल्म की मुख्य शूटिंग अगले साल किसी समय शुरू होनी थी. इसका मतलब है कि हेरा फेरी 3 के 2026 के आखिर या 2027 से पहले रिलीज होने की संभावना कम थी. संक्षेप में कहें तो, परेश को अपनी बाकी एक्टिंग फीस पाने के लिए लगभग दो साल तक इंतजार करना पड़ता.'
इस साल की शुरुआत में, अक्षय ने खुलासा किया था कि हेरा फेरी 3 अभी नहीं बन रही है. उन्होंने आगे कहा कि फिल्म अपने सही समय पर ही आएगी. उन्होंने कहा कि जब सही समय आएगा तब यह बनेगी और उन्हें बस उम्मीद है कि तब तक वे बहुत बूढ़े न हो जाएं.