'सचिव जी' और फुलेरा गांव का लौटेगा भौकाल, मेकर्स ने किया सीजन 5 का ऐलान, अब जमकर होगी पंचायत

पंचायत के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. अब फुलेरा गांव की नई कहानी 2026 में Prime Video पर देखने को मिलेगी.

X
Ashutosh Rai

भारत की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज पंचायत एक बार फिर फैंस को लुभाने लौटने वाली है. चौथे सीजन की रुला देने वाली एंडिंग के बाद फैंस लगातार अगले पार्ट का इंतजार कर रहे थे. अब मेकर्स ने फैंस का दिल खुश कर दिया. उन्होंने साफ कर दिया कि पंचायत सीजन 5 पर काम शुरू हो चुका है. जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता और रघुबीर यादव जैसे कलाकारों से सजी ये सीरीज अगले साल OTT प्लेटफॉर्म Prime Video पर रिलीज होगी.

फुलेरा गांव में फिर लौटेगी हलचल

पंचायत की सबसे बड़ी ताकत इसकी सादगी और गांव की जिंदगी से जुड़ी कहानियां रही हैं. सीजन 5 में एक बार फिर फुलेरा गांव की राजनीति, रिश्तें और हल्के-फुल्के हंसाने वाले पल फैंस को खूब लुभाएंगे. पिछले सीजन में सीरीज में आए कई मोड़ से फैंस भावुक हो गए. सीजन की नई कहानी में अभिषेक त्रिपाठी की जिंदगी में बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं. गांव की पंचायत चुनावी खींचतान भी इस बार कहानी का अहम हिस्सा बन सकती है.

पुराने किरदार फिर जीतेंगे दिल

सीजन 5 में फैंस को वही चेहरे फिर दिखाई देंगे. जितेंद्र कुमार एक बार फिर पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी की भूमिका निभाएंगे. उनके अलावा नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय और सानविका भी शो में नजर आने वाले हैं. इन कलाकारों ने पिछले सीजनों में अपने अभिनय से किरदारों को बेहद रियल बना दिया था. प्रधान जी, मंजू देवी, विकास और रिंकी जैसे किरदार अब सिर्फ शो का हिस्सा नहीं, बल्कि दर्शकों की यादों का हिस्सा बन चुके हैं. इसी कारण पंचायत को हर उम्र के लोग पसंद करते हैं.

मेकर्स ने दी खुशखबरी

इस सीरीज को ‘The Viral Fever’ TVF ने तैयार किया है. कहानी को चंदन कुमार ने लिखा है. वहीं निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है. इस टीम ने हमेशा जमीन से जुड़ी कहानियों को बेहद सहज अंदाज में पेश किया है. मेकर्स का कहना है कि नया सीजन पहले से ज्यादा इमोशनल और दिलचस्प होने वाला है. इसके साथ ही दर्शकों को गांव की जिंदगी का वही अपनापन फिर देखने को मिलेगा.

OTT पर छाएगी पंचायत

OTT प्लेटफॉर्म पर पंचायत उन चुनिंदा सीरीज में गिनी जाती है, जिसने लगातार हर सीजन के साथ अपनी लोकप्रियता बढ़ाई है. यही वजह है कि पांचवें सीजन की भनक लगते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी. लोग अब रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं. Prime Video ने साफ कर दिया है कि यह सीरीज 2026 में स्ट्रीम होगी.