'ऑपरेशन सफेद सागर' में हुआ तिरंगे का अपमान? आर्मी वेटरन ने की सीरीज को बैन करने की मांग!

'ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. आर्मी के पूर्व अधिकारी कर्नल वेंबू शंकर ने सीरीज के एक सीन पर गंभीर आपत्ति जताई है.

X
Antima Pal

Operation Safed Sagar: नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. आर्मी के पूर्व अधिकारी कर्नल वेंबू शंकर ने सीरीज के एक सीन पर गंभीर आपत्ति जताई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि इसमें भारतीय तिरंगे का गलत इस्तेमाल किया गया है.

'ऑपरेशन सफेद सागर' में हुआ तिरंगे का अपमान? 

कर्नल शंकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरीज का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया. इसमें स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की लाश को लेकर काफिला दिख रहा है. सिद्धार्थ इस किरदार में नजर आते हैं. सीन में मिहिर आहूजा फ्लाइंग ऑफिसर सी.एच. बाल रेड्डी (बोल्डी) और अभय वर्मा फ्लाइंग ऑफिसर राजपाल सिंह ढालीवाल (ढाली) के रूप में ताबूत को उठाए हुए हैं. ताबूत पर तिरंगा लपेटा गया है, लेकिन कर्नल के मुताबिक इसका तरीका फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के खिलाफ है.


वास्तविक फुटेज में तिरंगे का केसरिया हिस्सा शहीद के सिर की तरफ दिखाया गया है. लेकिन सीरीज के रीक्रिएटेड सीन में हरा हिस्सा नजर आता है. कर्नल शंकर का कहना है कि केसरिया बैंड हमेशा सिर की ओर होना चाहिए. उन्होंने इसे तिरंगे का अपमान बताया है.

आर्मी वेटरन ने मेकर्स से सुधार की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों को मुख्यधारा के मीडिया के जरिए माफी मांगनी चाहिए. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि उन्होंने शो को बैन करने तक की मांग की है.

यह सीरीज कारगिल युद्ध की अनकही कहानी पर आधारित है. इसमें भारतीय वायुसेना के बहादुर जवानों की कहानियां दिखाई गई हैं. अजय आहूजा जैसे शहीदों को श्रद्धांजलि देने का दावा किया गया है. लेकिन अब यह विवाद मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी राय रख रहे हैं. कुछ इसे छोटी गलती मानते हैं, तो कुछ इसे गंभीर मुद्दा बता रहे हैं. फिलहाल मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.