Neha Dhupia Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया आज अपना जन्मदिन मना रही हैं. मॉडलिंग से लेकर फिल्मों, टीवी और पॉडकास्टिंग तक अपनी अलग पहचान बनाने वाली नेहा की जिंदगी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा काफी चर्चा में रहा है. एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्होंने फिल्ममेकर करण जौहर को तीन अलग-अलग मौकों पर मजाक में शादी के लिए प्रपोज किया था, लेकिन हर बार करण ने उन्हें मना कर दिया.
27 अगस्त 1980 को केरल के कोच्चि में जन्मीं नेहा धूपिया के पिता भारतीय नौसेना में अधिकारी थे. पिता की पोस्टिंग के कारण उनका बचपन अलग-अलग शहरों में बीता, हालांकि बाद में उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई और परवरिश की. एक्टिंग में आने से पहले नेहा ने मॉडलिंग और स्टेज परफॉर्मेंस की दुनिया में कदम रखा.
नेहा को 2002 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब मिला. इसके बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स 2002 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टॉप 10 में जगह बनाई. इस उपलब्धि के बाद मनोरंजन की दुनिया में उनके लिए रास्ते खुल गए. नेहा ने 2003 में फिल्म ‘कयामत: सिटी अंडर थ्रेट’ से बॉलीवुड में कदम रखा. हालांकि, 2004 में आई ‘जूली’ ने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई. इसके बाद वह ‘क्या कूल हैं हम’, ‘चुप चुप के’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘सिंह इज किंग’ जैसी फिल्मों में नजर आईं. उन्होंने ‘हिंदी मीडियम’, ‘तुम्हारी सुलु’, ‘लस्ट स्टोरीज’ और ‘ए थर्सडे’ जैसी फिल्मों में भी काम किया.
नेहा धूपिया ने फिल्मों के अलावा टेलीविजन और डिजिटल स्पेस में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. वह ‘रोडीज’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो का हिस्सा रहीं और ‘स्टाइल्ड बाय नेहा’ को होस्ट भी किया. हालांकि, उनका सबसे चर्चित डिजिटल प्रोजेक्ट ‘नो फिल्टर नेहा’ रहा. इस शो में वह बॉलीवुड सितारों से उनकी निजी जिंदगी, रिश्तों, पसंद और करियर से जुड़े सवालों पर बेबाक बातचीत करती थीं. इसी दौरान करण जौहर से जुड़ा उनका एक मजेदार किस्सा सामने आया था.
नेहा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अलग-अलग मौकों पर करण जौहर को मजाक में शादी के लिए प्रपोज किया था. खास बात यह थी कि तीनों बार करण का जवाब एक जैसा रहा—इनकार. करण ने हर बार उन्हें प्रपोजल स्वीकार न करने की अपनी वजह बताई. नेहा के मुताबिक, करण ने उन्हें कई कारण गिनाए थे, लेकिन उनमें से एक वजह ऐसी थी जिसे सुनकर वह खुद भी हंस पड़ी थीं. नेहा ने बताया था कि करण ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें नेहा की बॉडी आकर्षक नहीं लगती. एक्ट्रेस ने इस पूरे किस्से को काफी हल्के-फुल्के अंदाज में शेयर किया था.
दिलचस्प बात यह है कि जिस करण जौहर को नेहा शादी के लिए प्रपोज कर चुकी थीं, उनके निर्देशन में उन्होंने ‘लस्ट स्टोरीज’ में काम भी किया. इसके अलावा नेहा ने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में एक रिपोर्टर के किरदार के लिए अपनी आवाज भी दी थी. एक्ट्रेस के मुताबिक, करण ने उनकी आवाज कई बार सुनी थी और बाद में उन्हें इस रोल के लिए बुलाया.