Hanuman Ansh Box Office Prediction: बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत करने वाली फिल्म हनुमान अंश ने सबको चौंका दिया है. महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 150 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. 100 करोड़ का आंकड़ा पार करना कई लोगों के लिए हैरानी भरा था, लेकिन ट्रेड एक्सपर्ट्स अब कह रहे हैं कि यह फिल्म 400 करोड़ तक भी जा सकती है.
फिल्म नीम करौली बाबा की कहानियों और उनके भक्तों के अनुभवों पर आधारित है. शुरू में यह सिर्फ कुछ स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे इसकी मांग बढ़ती गई. आज यह देशभर में 1300 से ज्यादा स्क्रीन्स पर चल रही है. रिलीज हुए 32 दिन हो चुके हैं और फिल्म अभी भी थिएटरों में मजबूती से टिकी हुई है. आजकल इतने लंबे समय तक स्क्रीन पर बने रहना किसी भी फिल्म के लिए बड़ी सफलता माना जाता है.
ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श ने बताया कि शुरू में मेकर्स को एक पर एक टिकट फ्री जैसी स्कीम चलानी पड़ी थी क्योंकि विकल्प सीमित थे. लेकिन अब इसकी जरूरत नहीं रही. फिल्म अपनी कहानी के दम पर आगे बढ़ रही है. दर्शक खुद इसके ब्रांड एंबेसडर बन गए हैं और इसे बढ़ावा दे रहे हैं. तरण ने याद दिलाया कि पुराने जमाने में लोग जय संतोषी मां जैसी फिल्में देखने आरती की थाली लेकर जाते थे और जूते-चप्पल बाहर उतार देते थे. हनुमान अंश के साथ भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है. कई दर्शक नंगे पांव थिएटर में फिल्म देखने पहुंच रहे हैं.
एक अन्य ट्रेड एक्सपर्ट का कहना है कि अगले हफ्ते इस हफ्ते से भी ज्यादा कमाई हो सकती है. अभी तो बस शुरुआत है. फिल्म 200 करोड़, 300 करोड़ या यहां तक कि 400 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन भी छू सकती है. कई स्कूल अब बच्चों को यह फिल्म दिखाने की प्लानिंग कर रहे हैं, जिससे कलेक्शन और बढ़ने की उम्मीद है.
राज बंसल जैसे विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसी धार्मिक-भावनात्मक फिल्मों का भविष्य बताना मुश्किल होता है.वहीं गिरीश जौहर ने कहा कि जब ऑब्सेशन जैसी फिल्में अच्छी कमाई कर सकती हैं तो हनुमान अंश क्यों नहीं. इसे सिर्फ 200 करोड़ तक सीमित करके क्यों देखें.