67 की उम्र में शादी करना चाहते हैं मुकेश खन्ना! सच्चे जीवनसाथी की तलाश में हैं महाभारत के 'भीष्म पितामाह'
मुकेश खन्ना ने 67 साल की उम्र में शादी और प्यार को लेकर अपने विचार साझा किए हैं. उन्होंने कहा कि वह सही समय और सही व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और सच्चा प्यार सिर्फ एक बार होता है.
मुंबई: टीवी के मशहूर सुपरहीरो शक्तिमान के रूप में पहचान बनाने वाले मुकेश खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई शो या फिल्म नहीं बल्कि उनके निजी विचार हैं. 67 साल की उम्र में भी शादी ने करने वाले इस एक्टर ने शादी और प्यार को लेकर अपनी सोच साझा की है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मुकेश खन्ना ने साफ कहा कि उन्होंने शादी का विचार छोड़ा नहीं है. उनका मानना है कि जब किस्मत में होगा, तब शादी जरूर होगी. उन्होंने कहा कि जीवनसाथी कोई अचानक मिलने वाली चीज नहीं होती, बल्कि वह पहले से तय होती है. सही समय आने पर ही दो लोग मिलते हैं.
मुकेश खन्ना ने रिश्तों में ईमानदारी और कमिटमेंट को भी सबसे जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि अगर कोई शादीशुदा है तो उसे पूरी तरह से अपने रिश्ते के लिए समर्पित होना चाहिए. उनके मुताबिक सिर्फ महिलाओं से ही वफादारी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, बल्कि पुरुषों को भी उतना ही जिम्मेदार होना चाहिए.
सच्चे प्यार पर क्या सोचते हैं मुकेश खन्ना?
मुकेश खन्ना का मानना है कि सच्चा प्यार जिंदगी में सिर्फ एक बार होता है. उनके अनुसार अगर कोई बार बार प्यार बदलता है, तो वह असली प्यार नहीं बल्कि आकर्षण होता है. उन्होंने कहा कि एक ही इंसान से सच्चा जुड़ाव ही असली प्रेम है और उसी में सच्ची भावना होती है. दिलचस्प बात यह है कि खुद शादी न करने के बावजूद मुकेश खन्ना शादी की संस्था पर पूरा विश्वास रखते हैं. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर समझते हैं कि जो शादी नहीं करता वह शादी में विश्वास नहीं करता, लेकिन यह सोच गलत है. उनके मुताबिक वह शादी को बहुत पवित्र मानते हैं और इसलिए सही व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं.
किस्मत पर भरोसा रखते हैं शक्तिमान एक्टर
मुकेश खन्ना ने अपने विचारों में किस्मत का भी अहम रोल बताया. उन्होंने कहा कि जिस महिला से उनकी शादी होनी है, वह कहीं न कहीं मौजूद है और सही समय आने पर दोनों मिलेंगे. उनके अनुसार उम्र इस मामले में कोई मायने नहीं रखती. मुकेश खन्ना पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं. साल 2020 में उन्होंने महिलाओं और मी टू आंदोलन पर कुछ ऐसे कमेंट किए थे, जिसके बाद उन्हें काफी ज्यादा ट्रोल किया गया था. उनके बयान को कई लोगों ने पुरानी सोच वाला बताया और सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं.
और पढ़ें
- Raja Shivaji Collection Day 3: रितेश देशमुख की राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर काटा बवाल, तीसरे दिन किया धांसू कलेक्शन
- शराब के नशे में डूबी रहती थीं जाह्नवी कपूर? इंटरव्यू के बाद मचा बवाल तो बोनी कपूर की बेटी को देनी पड़ी सफाई
- TN चुनाव 2026 के रिजल्ट का दिन तिरुपति पहुंचीं तृषा कृष्णन, रूमर्ड बॉयफ्रेंड विजय के लिए लिया आशीर्वाद?