'दुबई के मुसलमान अच्छे तो पाकिस्तान के क्यों नहीं?', मीका सिंह के बयान से छिड़ी नई बहस
मीका सिंह ने पाकिस्तान के साथ अपने भावनात्मक और धार्मिक जुड़ाव के बारे में बात की है. उन्होंने पाकिस्तान में मौजूद गुरुद्वारों और वहां सेवा करने वाले मुसलमानों का जिक्र किया.
सिंगर मीका सिंह ने पाकिस्तान को लेकर अपने विचार साझा किए हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से उनका लगाव सिर्फ किसी कलाकार या संगीत से नहीं, बल्कि एक भावनात्मक और धार्मिक जुड़ाव से है. मीका ने पाकिस्तान में मौजूद गुरुद्वारों और वहां रहने वाले लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कई मुसलमान गुरु नानक देव जी के गुरुद्वारों में सेवा करते हैं.
दरअसल, मीका सिंह ने हाल ही में दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए बॉलीवुड फिल्मों, खासकर 'बॉर्डर 2' के सीमित प्रमोशन पर सवाल उठाए थे. वहीं उन्होंने पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ दिलजीत की फिल्म 'सरदारजी 3' के प्रमोशन को लेकर भी सवाल खड़े किए. इसी दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह खुद पाकिस्तान जा चुके हैं, तो मीका ने अपने पाकिस्तान दौरे का बचाव किया.
मीका ने आगे क्या कहा?
मीका ने कहा कि जब वह पाकिस्तान गए थे, उसके बाद उरी की घटना हुई थी. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार पाकिस्तान जाने से मना नहीं कर रही है और कोई व्यक्ति वैध वीजा लेकर वहां जाता है, तो इसमें छिपाने जैसी कोई बात नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान जाकर निजी कार्यक्रम में परफॉर्म करने और किसी चीज को प्रमोट करने में अंतर है.
मीका ने कहा कि अगर कोई कलाकार पाकिस्तान में निजी कार्यक्रम करता है और वहां से कमाई भारत लाकर टैक्स देता है, तो इसमें अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए. उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत आने पर बॉलीवुड के स्वागत का भी जिक्र किया. मीका ने कहा कि उन्हें पाकिस्तानी सिंगर्स से कोई परेशानी नहीं है और अगर पाकिस्तान में उन्हें सम्मान मिलता है, तो इसे सकारात्मक रूप से देखना चाहिए.
पाकिस्तान से क्यों है खास लगाव?
मीका सिंह ने बताया कि पाकिस्तान से उनका लगाव बेहद भावनात्मक है. उन्होंने ननकाना साहिब और पंजा साहिब जैसे प्रमुख सिख धार्मिक स्थलों का जिक्र किया. मीका के मुताबिक, पाकिस्तान में मौजूद इन गुरुद्वारों से उनका धार्मिक जुड़ाव है और जब उन्हें वहां से बुलावा मिला, तो उन्हें लगा कि शायद गुरु नानक देव जी ने ही उन्हें वहां आने का अवसर दिया है.
स्थानीय मुसलमानों को लेकर क्या कहा?
उन्होंने पाकिस्तान में गुरुद्वारों की सेवा करने वाले स्थानीय मुसलमानों का भी जिक्र किया. मीका ने कहा कि वहां कई मुसलमान उनके भाई की तरह गुरुद्वारों में सेवा और सफाई का काम करते हैं. उन्होंने सिंधी समुदाय और गुरु नानक देव जी के प्रति उनकी आस्था का भी उल्लेख किया.
मीका ने कहा कि पाकिस्तान बुरा नहीं है और वहां के लोग भी बुरे नहीं हैं. इसी संदर्भ में उन्होंने सवाल उठाया कि भारत में पाकिस्तान के मुसलमानों को लेकर अलग नजरिया क्यों है, जबकि दुबई के मुसलमानों को लेकर लोगों की सोच अलग दिखाई देती है. उनके इस बयान ने पाकिस्तान, धर्म और कलाकारों के रिश्तों को लेकर नई बहस छेड़ दी है.