Anik Dutta Dies: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मशहूर बंगाली फिल्मकार अनिक दत्ता का बुधवार को निधन हो गया. वे 65 वर्ष के थे. पुलिस और परिवार के अनुसार वे अपने दक्षिण कोलकाता स्थित बहुमंजिला घर की छत से गिर गए. उन्हें तुरंत पास के धाकुरिया इलाके के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह दुखद घटना बुधवार सुबह हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. अभी तक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. सूत्रों के मुताबिक अनिक दत्ता पिछले कुछ महीनों से अकेले ही अपने घर में रह रहे थे. उनकी बेटी मुंबई में रहती है.
अनिक दत्ता बंगाली सिनेमा में अपनी अनोखी कहानियों और साहसिक फिल्म निर्माण के लिए जाने जाते थे. उनकी फिल्म 'भूतेर भविष्यत' ने उन्हें खास पहचान दिलाई थी. इस फिल्म में उन्होंने बंगाली समाज और राजनीति पर व्यंग्य के साथ-साथ ह्यूमर भी पेश किया था. इसके अलावा उनकी अन्य चर्चित फिल्मों में 'बोरुनबाबुर बंधु', 'अपराजितो' और 'जोतो कांडो कोलकाताते' शामिल हैं.
अनिक दत्ता ने सिनेमा के अलावा कई और क्षेत्रों में भी अपनी छाप छोड़ी. वे नरेंद्र चंद्र दत्ता के नवासे थे, जिन्होंने यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना की थी. फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें क्रिएटिव और अलग सोच वाले डायरेक्टर के रूप में याद किया जाएगा. घटना की खबर फैलते ही बंगाली फिल्म जगत के कई दिग्गज अस्पताल पहुंच गए. अभिनेता, निर्देशक और अन्य फिल्मी हस्तियां शोक में डूबी नजर आईं. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना थी या कोई और वजह थी. जांच रिपोर्ट आने के बाद ज्यादा जानकारी सामने आने की उम्मीद है. अनिक दत्ता की फिल्में हमेशा दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती थीं. बंगाली सिनेमा ने एक सशक्त आवाज खो दी है. पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है. उनके चाहने वाले और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों की क्लिप्स शेयर कर याद कर रहे हैं.