'मैं हूं ना' में फिर साथ नजर आने वाले हैं शाहरुख खान और फराह खान! सीक्वल की अफवाहों पर लगाया ब्रेक
शाहरुख खान की आइकॉनिक फिल्म मैं हूं ना के सीक्वल को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं. हाल ही में फिल्म की री रिलीज के बाद इन अफवाहों ने और जोर पकड़ लिया. अब डायरेक्टर फराह खान ने खुद सामने आकर मैं हूं ना 2 को लेकर बड़ा बयान दिया है.
मुंबई: नवंबर 2025 में जब मैं हूं ना दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो इसने साबित कर दिया कि कुछ फिल्में समय के साथ पुरानी नहीं होतीं. दो दशक से ज्यादा पुराने होने के बावजूद थिएटर्स हाउसफुल रहे. दर्शकों ने एक्स्ट्रा शोज की मांग की और फिल्म को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का जश्न मनाया. इसी के साथ फिल्म के सीक्वल को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि हैप्पी न्यू ईयर के बाद शाहरुख खान और फराह खान एक बार फिर साथ काम करने वाले हैं. रिपोर्ट्स में कहा गया कि मैं हूं ना 2 स्क्रिप्टिंग स्टेज में है और शाहरुख के डबल रोल की भी प्लानिंग की जा रही है. इस खबर ने फैंस को काफी एक्साइटेड कर दिया.
फराह खान ने अफवाहों पर लगाया ब्रेक
मैं हूं ना 2 को लेकर चल रही इन अटकलों पर अब फराह खान ने चुप्पी तोड़ दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह सारी खबरें महज अफवाह हैं. फराह ने लोगों से अपील की कि वे बिना पुष्टि के ऐसी बातों पर भरोसा न करें. उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल मैं हूं ना के सीक्वल पर कोई काम नहीं चल रहा है.
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सीक्वल में शाहरुख खान को डबल रोल में दिखाया जाएगा. कहा गया कि कहानी में आज की पीढ़ी से जुड़ा एक नया राष्ट्रीय खतरा दिखाया जाएगा और ह्यूमर व इमोशन का तड़का लगाया जाएगा. इसके साथ ही ज़ायेद खान, अमृता राव, सुष्मिता सेन और सुनील शेट्टी जैसे पुराने किरदारों की वापसी की भी बातें सामने आई थीं. हालांकि फराह के बयान के बाद इन सभी दावों पर फिलहाल विराम लग गया है.
इस वक्त कहां बिजी हैं फराह और शाहरुख
फिलहाल शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म किंग में व्यस्त हैं, जो क्रिसमस 2026 पर रिलीज़ होने वाली है. वहीं फराह खान फिल्मों से थोड़ा ब्रेक लेकर अपने कुकिंग व्लॉग्स के जरिए यूट्यूब पर छाई हुई हैं. उनके कुक दिलीप सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो चुके हैं और फराह का यह नया अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है.
मैं हूं ना की 21वीं सालगिरह पर ज़ायेद खान ने फिल्म से जुड़ी यादें शेयर की थीं. उन्होंने बताया कि सेट पर शाहरुख खान से उन्होंने जिंदगी के कई अहम सबक सीखे. जब उनसे मैं हूं ना 2 को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह भी वही अफवाहें सुन रहे हैं. उनके मुताबिक इस सवाल का जवाब सिर्फ शाहरुख खान ही दे सकते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर कभी सीक्वल बना, तो यह सबसे ज्यादा इंतजार किए जाने वाले सीक्वल्स में से एक होगा.