KBC 18 की वापसी, अमिताभ बच्चन फिर पूछेंगे करोड़ों के सवाल; जानिए कब और क्या होगा नया ट्विस्ट
अमिताभ बच्चन के मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति का 18वां सीजन जल्द शुरू होने जा रहा है. नए प्रोमो में बिग बी ने संकेत दिया है कि इस बार केवल जवाब याद होना काफी नहीं होगा, बल्कि सोचने और समझने की क्षमता भी परखी जाएगी.
देश का सबसे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. मेगास्टार अमिताभ बच्चन एक बार फिर KBC के 18वें सीजन के साथ छोटे पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर कई प्रोमो जारी कर शो की आधिकारिक घोषणा कर दी है. नए सीजन में गेम के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका संकेत प्रोमो में ही दे दिया गया है.
KBC 18 के प्रोमो में अमिताभ बच्चन बताते हैं कि इस बार केवल सामान्य ज्ञान या जवाब याद होना ही काफी नहीं होगा. प्रतियोगियों को हर सवाल पर गहराई से सोचना भी पड़ेगा. पहले प्रोमो में बिग बी कहते हैं कि भूगोल, इतिहास, खेल और विज्ञान का ज्ञान जरूरी है, लेकिन इस बार खेल बदल चुका है और सिर्फ उत्तर याद रखने से काम नहीं चलेगा.
एआई के दौर में बदला KBC का अंदाज
दूसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का जिक्र करते हैं. वह कहते हैं कि एआई ने पूरी दुनिया को बदल दिया है और यह बदलाव लगातार जारी रहेगा. इसी सोच के साथ शो के मेकर्स ने भी KBC के फॉर्मेट में बदलाव करने का फैसला लिया है ताकि प्रतियोगियों की सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता को भी परखा जा सके.
Also Read
तीसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि आजकल जवाब हर किसी की जेब में मौजूद मोबाइल फोन पर मिल जाता है. लेकिन KBC में सिर्फ जवाब जानना ही काफी नहीं होगा. उनका कहना है कि इस बार प्रतियोगियों को जवाब देने से पहले सही तरीके से सोचना होगा. यही बदलाव इस सीजन को पहले से अलग और ज्यादा रोमांचक बनाने वाला है.
दर्शकों की उम्मीदें बढ़ीं
कौन बनेगा करोड़पति पिछले कई वर्षों से भारतीय टेलीविजन का सबसे पसंदीदा ज्ञान आधारित रियलिटी शो रहा है. अमिताभ बच्चन की शानदार मेजबानी और प्रतियोगियों की प्रेरणादायक कहानियां इस शो की सबसे बड़ी पहचान रही हैं. नए प्रोमो सामने आने के बाद दर्शकों में यह जानने की उत्सुकता और बढ़ गई है कि इस बार शो में कौन से नए नियम और नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे.
अमिताभ बच्चन की आने वाली फिल्में
टेलीविजन के साथ साथ अमिताभ बच्चन बड़े पर्दे पर भी लगातार सक्रिय हैं. उनकी आगामी फिल्मों में सेक्शन 84 और कल्कि 2898 एडी का सीक्वल शामिल है. इनमें से कल्कि 2898 एडी का अगला भाग दर्शकों की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है और इसके 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है.