West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को डेट कर रही हैं कैटी पेरी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर रिश्ते पर लगाई मोहर!

पॉप स्टार कैटी पेरी ने इंस्टाग्राम पर जापान ट्रिप की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर जस्टिन ट्रूडो के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है. टोक्यो में दोनों की मुलाकात पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से भी हुई, जिसके बाद कपल का रिश्ता फिर चर्चा में आ गया.

Instagram
Babli Rautela

पॉप स्टार कैटी पेरी और कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आखिरकार अपने रिश्ते को जगजाहिर कर दिया है. शनिवार छह दिसंबर को पेरी ने इंस्टाग्राम पर जापान ट्रिप की कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए जिनमें वह ट्रूडो के साथ पहली बार खुले तौर पर नजर आईं. यह पहली बार है जब दोनों ने अपने रिश्ते को सोशल मीडिया पर स्वीकार जैसा कदम उठाया है.

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में कैटी पेरी ने अपने चल रहे लाइफटाइम्स टूर के दौरान जापान की यादें अपने फैंस के साथ बांटीं. एक तस्वीर में कैटी और तिरेपन साल के ट्रूडो एक साथ बैठकर सेल्फी लेते दिख रहे थे. एक वीडियो में दोनों एक आर्ट एग्जिबिशन में खाना खाते और एक दूसरे के साथ सहज पल बिताते नजर आए. पेरी ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा टोक्यो टाइम्स ऑन टूर और भी बहुत कुछ. इस कैप्शन के बाद फैंस के बीच यह साफ हो गया कि दोनों अब अपने रिश्ते को छिपाना नहीं चाहते.

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री से हुई खास मुलाकात

टोक्यो में अपने स्टे के दौरान कैटी पेरी और जस्टिन ट्रूडो ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और उनकी पत्नी यूको से मुलाकात की. किशिदा ने एक्स पर एक फोटो शेयर की जिसमें पेरी को ट्रूडो की पार्टनर बताया गया. उन्होंने जापानी में लिखे कैप्शन में कहा कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो अपने पार्टनर के साथ जापान आए और मेरी पत्नी और मेरे साथ लंच पर शामिल हुए. साथ ही उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री रहते हुए दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने पर ट्रूडो के साथ कई बार काम किया गया और यह दोस्ती आज भी कायम है.

इस पोस्ट पर ट्रूडो ने रिएक्ट करते हुए लिखा आपको देखकर बहुत अच्छा लगा किशिदा. आगे उन्होंने कहा कैटी और मुझे आपके और यूको के साथ समय बिताकर खुशी हुई. उन्होंने किशिदा की दोस्ती और उनके वैश्विक दृष्टिकोण की भी सराहना की.

कैसे शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी

रिपोर्ट्स के अनुसार कैटी पेरी और जस्टिन ट्रूडो को पहली बार इस वर्ष की शुरुआत में साथ देखा गया था. दोनों अपने पुराने रिश्तों से हाल ही में अलग हुए थे. पेरी जून में ऑरलैंडो ब्लूम से अलग हुई थीं जबकि ट्रूडो 2023 में अपनी पत्नी सोफी ग्रेगोइरे से अलग हुए.

एक सोर्स ने पीपल मैगजीन को बताया कि मॉन्ट्रियल में डेटिंग शुरू होने के बाद से ट्रूडो पेरी के काफी करीब आ गए. सोर्स के अनुसार वह टूर ब्रेक के दौरान उनसे मिलने कैलिफोर्निया भी गए थे. पेरी उन्हें आकर्षक मानती हैं और ट्रूडो उनके साथ बेहद सम्मानजनक व्यवहार करते हैं. यही सहजता दोनों को और करीब ले आई.