मुंबई: टीवी एक्टर करण कुंद्रा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि बिग बॉस 15 के लिए उन्होंने इतनी बड़ी रकम ली थी जो शो के इतिहास में किसी भी कंटेस्टेंट ने पहले नहीं मांगी थी. यह बातचीत एल्विश यादव के साथ हुई चर्चा में सामने आई. करण ने बताया कि मेकर्स कई सालों से उन्हें शो के लिए अप्रोच कर रहे थे. कोविड के बाद जब नया सीजन तैयार हो रहा था, तब बातचीत दोबारा शुरू हुई. करण के अनुसार उस समय परिस्थिति उनके पक्ष में थी और मेकर्स उन्हें हर हाल में शो में लाना चाहते थे.
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने आखिर में एक बड़ी रकम की मांग रखी और मेकर्स ने उसे स्वीकार कर लिया. उनके मुताबिक शो से जुड़े लोगों ने उन्हें बताया कि इतनी बड़ी फीस पहले किसी ने नहीं मांगी थी.
करण ने यह भी कहा कि वह केवल एक्टर ही नहीं रहे हैं, बल्कि कैमरे के पीछे भी काम कर चुके हैं. को प्रोड्यूसर के तौर पर अनुभव होने की वजह से उन्हें अंदाजा था कि कितनी फीस मांगनी चाहिए. इसी समझ के साथ उन्होंने अपनी डील फाइनल की. बिग बॉस 15 में करण के साथ शमिता शेट्टी, जय भानुशाली और तेजस्वी प्रकाश जैसे कई चर्चित चेहरे शामिल थे. शो के दौरान करण और तेजस्वी प्रकाश के बीच नजदीकियां बढ़ीं. दोनों की जोड़ी को फैंस ने तेजरान नाम दिया.
शो के दौरान कई दर्शकों को लगा था कि करण या प्रतीक सहजपाल में से कोई विजेता बनेगा, लेकिन अंत में ट्रॉफी तेजस्वी ने जीती. शो के बाद भी करण और तेजस्वी का रिश्ता कायम है और दोनों अक्सर साथ नजर आते हैं. करण का यह दावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. अब फैंस के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई बिग बॉस के इतिहास में इतनी बड़ी रकम पहले कभी किसी कंटेस्टेंट ने नहीं मांगी थी.