कनिका कपूर का 1.9 लाख का लग्जरी बैग... जानें क्या है अजीब कि लोग सोशल मीडिया में उड़ा रहे मजाक, वीडियो हो रहा वायरल
कनिका कपूर ने 1.9 लाख रुपये के लुई विटॉन पेंट कैन बैग के साथ एंट्री ली. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन की बाढ़ आ गई.
मुंबई: सिंगर कनिका कपूर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका गाना नहीं बल्कि उनका अनोखा फैशन चॉइस है. हाल ही में उन्हें एक इवेंट के दौरान लुई विटॉन का पेंट कैन डिजाइन वाला बैग कैरी करते देखा गया. यह बैग बिल्कुल पेंट के डिब्बे जैसा नजर आता है. स्ट्रक्चर्ड डिजाइन, बैंगनी रंग में ब्रांड का सिग्नेचर मोनोग्राम प्रिंट, मजबूत लेदर टॉप हैंडल और सिल्वर हार्डवेयर इसे खास बनाते हैं. इसमें डिटैचेबल स्ट्रैप भी है जिससे इसे क्रॉसबॉडी की तरह पहना जा सकता है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कनिका इस अनोखे बैग के साथ पोज देती नजर आ रही हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बैग खोलकर अंदर रखा सामान भी दिखाया. अंदर कैश, लिपस्टिक और रोजमर्रा की छोटी चीजें थीं. इससे साफ हुआ कि अजीब डिजाइन के बावजूद यह एक सामान्य लग्जरी पर्स की तरह काम करता है.
वायरल वीडियो पर लोगों ने उड़ाया मजाक
कुछ यूजर्स ने कनिका के बोल्ड फैशन की तारीफ की, लेकिन कई लोगों ने डिजाइन का मजाक उड़ाया. किसी ने इसे पेंट बॉक्स कहा तो किसी ने डब्बा. कुछ लोगों ने लिखा कि बड़े ब्रांड्स अब अजीब डिजाइन बनाकर लोगों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि हाई फैशन अक्सर प्रयोगधर्मी होता है और हर डिजाइन आम लोगों की समझ में आए यह जरूरी नहीं.
किस कलेक्शन का बैग लेती दिखीं कनिका कपूर
यह पेंट कैन बैग लुई विटॉन के खास कलेक्शन का हिस्सा है. इसे मेन्स फॉल विंटर 2022 रनवे शो में पेश किया गया था. यह कलेक्शन दिवंगत डिजाइनर वर्जिल अबलोह का आखिरी कलेक्शन माना जाता है. बैग छह रंगों में उपलब्ध है जिनमें नीला, लाल, पीला, हरा, बैंगनी और नारंगी शामिल हैं. ब्रांड ने इसे पारंपरिक हैंडबैग का क्रिएटिव विकल्प बताया है जो नएपन और क्लासिक डिटेलिंग का मिश्रण है.
मार्केट रिपोर्ट के अनुसार इस एलवी पेंट कैन बैग की कीमत लगभग 1,91,522 रुपये बताई जा रही है. अलग अलग प्लेटफॉर्म पर इसकी कीमत में थोड़ा अंतर हो सकता है. इतनी भारी कीमत और अनोखे डिजाइन ने इसे चर्चा का विषय बना दिया है.