प्यार, शादी और फिर धोखा...फिल्म से कम नहीं है जेनिफर विंगेट की लव स्टोरी, करेंगी दूसरी शादी

टीवी की मशहूर अभिनेत्री जेनिफर विंगेट अपनी दूसरी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं. बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ नई शुरुआत करने जा रहीं जेनिफर की पहली शादी करण सिंह ग्रोवर से हुई थी, जिसकी लव स्टोरी और तलाक ने खूब चर्चा बटोरी थी. जानिए उनके रिश्ते का पूरा सफर.

Instagram
Babli Rautela

टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. खबरों के अनुसार जेनिफर 16 जुलाई को बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ शादी करने जा रही हैं. यह समारोह यूनाइटेड किंगडम में बेहद निजी अंदाज में आयोजित होगा, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. उनकी नई शुरुआत से पहले एक बार फिर उनकी और करण सिंह ग्रोवर की लव स्टोरी चर्चा का विषय बन गई है.

दिल मिल गए के सेट पर हुई पहली मुलाकात

जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर की पहली मुलाकात साल 2007 में टीवी शो दिल मिल गए के सेट पर हुई थी. शो में करण डॉक्टर अरमान मलिक और जेनिफर डॉक्टर रिद्धिमा गुप्ता के किरदार में नजर आए थे. दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया और धीरे धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. शूटिंग के दौरान दोनों एक दूसरे के काफी करीब आ गए. कुछ समय बाद उनका रिश्ता टीवी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में शामिल हो गया. दोनों अक्सर साथ नजर आने लगे और उनके रिश्ते की खबरें लगातार सुर्खियों में रहीं.

करण की पहली शादी के बाद बदली जिंदगी

जब जेनिफर और करण एक दूसरे के करीब आए तब करण सिंह ग्रोवर पहले से शादीशुदा थे. उन्होंने साल 2008 में अभिनेत्री श्रद्धा निगम से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और 2009 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद जेनिफर ने करण का साथ दिया और दोनों का रिश्ता पहले से ज्यादा मजबूत हो गया.


साल 2012 में की थी शादी

कई साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद जेनिफर और करण ने 9 अप्रैल 2012 को शादी कर ली. यह एक निजी समारोह था जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त मौजूद थे. शादी के बाद दोनों को टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिना जाने लगा. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन साल 2014 में दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगीं. इसी दौरान करण सिंह ग्रोवर फिल्म अलोन में अभिनेत्री बिपाशा बसु के साथ काम कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों की बढ़ती नजदीकियों का असर करण और जेनिफर के रिश्ते पर पड़ा.

तलाक के बाद दोनों ने चुनी अलग राह

साल 2014 में जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर का तलाक हो गया. इसके बाद साल 2016 में करण ने अभिनेत्री बिपाशा बसु से शादी कर ली. आज दोनों अपनी बेटी देवी के साथ खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं.

अब 41 साल की उम्र में जेनिफर विंगेट अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ शादी के बंधन में बंधेंगी. उनके प्रशंसक इस नए सफर के लिए उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं.