दिन दहाड़े हाईवे पर हुआ जन्नत जुबैर और भाई अयान पर हमला, जानें अब कैसी है हालत?
टीवी एक्ट्रेस जन्नत जुबैर और उनके भाई अयान पर कथित तौर पर 15 मार्च, 2026 को पनवेल में हमला हुआ था. उनकी टीम ने पुष्टि की है कि वे अब सुरक्षित हैं. इस खबर को सुनने के बाद फैंस काफी परेशान हो गए है.
मुंबई: टीवी अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जन्नत जुबैर रहमानी के साथ हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना घटी है, जिसने उनके लाखों फैंस को चिंतित कर दिया है. मुंबई के पास पनवेल इलाके में हाईवे पर दिनदहाड़े जन्नत और उनके छोटे भाई अयान जुबैर पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया और मारपीट की कोशिश की.
दिन दहाड़े हाईवे पर हुआ जन्नत जुबैर और भाई अयान पर हमला
रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों भाई-बहन पनवेल से मुंबई लौट रहे थे, तभी अज्ञात शख्स ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, रोका और फिर धक्का-मुक्की की. यह घटना रविवार को हुई बताई जा रही है. हालांकि अच्छी खबर यह है कि जन्नत और अयान दोनों बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई. फिलहाल दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और घर पर हैं.
जन्नत की टीम ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया है, जो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया. बयान में लिखा है कि 'जन्नत और अयान के साथ एक बेहद परेशान करने वाली घटना हुई, जिसमें शारीरिक हमला और गाड़ी का पीछा शामिल था. पुलिस इसकी जांच कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है.'
'कृपया अफवाहों से बचें और सच्चाई का इंतजार करें'
टीम ने आगे कहा- 'हम फैंस के प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत आभारी हैं. कृपया अफवाहों से बचें और सच्चाई का इंतजार करें.' इस घटना की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सक्रिय रूप से जांच पड़ताल कर रही है. सोशल मीडिया पर इस खबर के वायरल होने के बाद फैंस ने अपनी चिंता जाहिर की और जन्नत-अयान की सलामती की दुआएं मांगीं.
टीवी का मशहूर चेहरा हैं जन्नत जुबैर
बता दें कि जन्नत जुबैर टीवी का मशहूर चेहरा हैं, जिन्होंने 'फूलवा' जैसे शो से शोहरत पाई और अब इंस्टाग्राम पर करोड़ों फॉलोअर्स के साथ इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी सक्रिय हैं. हाल ही में वे 'लाफ्टर चेफ्स' जैसे रियलिटी शो में नजर आईं. अयान भी सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं और बहन के साथ अक्सर कंटेंट शेयर करते हैं. फैंस को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपी को पकड़ लेगी और मामले का खुलासा होगा.