जैकलीन फर्नांडिस पहुंचीं कोर्ट, 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में बोलीं- 'मैं बेकसूर हूं'

जैकलीन की लीगल टीम ने कोर्ट में साफ कहा कि अभिनेत्री पूरी तरह बेकसूर हैं. उनके वकीलों का तर्क है कि जैकलीन सुकेश की साजिश का शिकार हुई हैं. उन्होंने सुकेश को एक साधारण सफल बिजनेसमैन समझा था और उसी आधार पर दोस्ती की थी. जब सच सामने आया तो वे भी हैरान रह गईं.

pinterest
Antima Pal

Jacqueline Fernandez Money Laundering Case: बॉलीवुड की ग्लैमरस अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार कोई फिल्म या डांस नहीं, बल्कि 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर. बुधवार, 3 जून को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में जैकलीन पेश हुईं.

कोर्ट रूम में पहुंचकर उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और खुद को निर्दोष बताया. सुनवाई के बाद जैकलीन मीडिया से कोई बात किए बिना सीधे वहां से रवाना हो गईं. उनके चेहरे पर तनाव साफ दिख रहा था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.

क्या है पूरा मामला?

यह केस हाई-प्रोफाइल ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है. आरोप है कि सुकेश ने जेल में बंद रहते हुए भी एक बड़े बिजनेसमैन की पत्नी से 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की. प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि सुकेश ने इस पैसे का बड़ा हिस्सा जैकलीन और उनके परिवार पर खर्च किया. ED के मुताबिक सुकेश ने जैकलीन को महंगे-महंगे गिफ्ट्स दिए, जिनमें लग्जरी कारें, ब्रांडेड हैंडबैग, हीरे-जवाहरात और महंगे पालतू जानवर शामिल हैं. 

जांच एजेंसी का आरोप है कि जैकलीन को सुकेश के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने गिफ्ट्स लेना जारी रखा. कोर्ट ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर, उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल और 14 अन्य लोगों पर आरोप तय कर दिए हैं. सभी आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है और ट्रायल की मांग की है. केस की अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी.

जैकलीन का पक्ष

जैकलीन की लीगल टीम ने कोर्ट में साफ कहा कि अभिनेत्री पूरी तरह बेकसूर हैं. उनके वकीलों का तर्क है कि जैकलीन सुकेश की साजिश का शिकार हुई हैं. उन्होंने सुकेश को एक साधारण सफल बिजनेसमैन समझा था और उसी आधार पर दोस्ती की थी. जब सच सामने आया तो वे भी हैरान रह गईं. जैकलीन का कहना है कि वे किसी भी गलत काम में शामिल नहीं हैं और पूरे मामले में फंसाई गई हैं.

बॉलीवुड में जैकलीन हमेशा से अपनी खूबसूरती, डांस और परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं. 'जैक एंड जिल', 'किक', 'हाउसफुल' सीरीज जैसी फिल्मों से उन्होंने अच्छी पहचान बनाई. लेकिन पिछले कुछ सालों से उनके नाम कई विवादों में आने लगा है. इस मनी लॉन्ड्रिंग केस ने भी उनकी इमेज को काफी प्रभावित किया है. फैंस अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि कोर्ट का फैसला आखिरकार किसके पक्ष में जाता है.

क्या जैकलीन इस मुश्किल दौर से बाहर निकल पाएंगी या केस और लंबा चलेगा? फिलहाल जैकलीन अपनी फिल्मों और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर फोकस करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन यह केस उनके करियर पर साया बनकर मंडरा रहा है. 16 जुलाई को कोर्ट में क्या होता है, यह देखना काफी दिलचस्प होगा.