गोविंदा-कोमल की डेटिंग अफवाहों के बीच एक्टर के सपोर्ट में उतरीं ये एक्ट्रेस, जानें क्या कहा
गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के बीच डेटिंग की अफवाहों के बीच अभिनेत्री कुबरा सैत ने गोविंदा का बचाव किया है. उन्होंने सोशल मीडिया वीडियो में सवाल उठाया कि किसी महिला को किसी अभिनेता के आसपास देखना उसके साथ रिश्ते की पुष्टि कैसे हो सकता है.
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब अभिनेत्री कुबरा सैत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. गोविंदा को उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ कई मौकों पर देखे जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें चल रही हैं. हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी ने डेटिंग की पुष्टि नहीं की है. गोविंदा पहले ही इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कोमल के साथ अपने रिश्ते को प्रोफेशनल बता चुके हैं.
इसी बीच कुबरा सैत ने एक वीडियो शेयर कर लोगों से सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी को लेकर जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचने की बात कही. उन्होंने खास तौर पर गोविंदा का जिक्र करते हुए कहा कि किसी महिला को किसी अभिनेता के साथ देख लेना अपने आप में किसी रिश्ते का सबूत नहीं है.
कुबरा सैत ने गोविंदा के लिए क्या कहा
कुबरा सैत ने अपने वीडियो में गोविंदा को याद करते हुए कहा कि वह उन्हें देखते हुए बड़ी हुई हैं. उन्होंने अभिनेता को सुपरस्टार, आइकॉन और लेजेंड बताते हुए 90 के दशक में उनके स्टारडम का जिक्र किया. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर सवाल उठाया. कुबरा ने कहा कि अगर कोई लड़की किसी अभिनेता के आसपास दिखाई दे रही है तो उसे तुरंत मिस्ट्री वुमन या कथित गर्लफ्रेंड क्यों मान लिया जाता है. उन्होंने सवाल किया कि किसी फैन के लिए अभिनेता की निजी जिंदगी की जांच करना कब से जरूरी हो गया.
Also Read
गपशप को जजमेंट में बदलने पर उठाया सवाल
कुबरा ने अपने वीडियो में सबसे ज्यादा जोर इस बात पर दिया कि सेलिब्रिटी से जुड़ी गपशप और किसी व्यक्ति के बारे में फैसला सुनाने में अंतर होना चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि आखिर गपशप कब गपशप न रहकर जजमेंट बन गई. उन्होंने कहा कि वह खुद एक पब्लिक फिगर हैं और अपनी निजी जिंदगी को लेकर लोगों की दिलचस्पी को समझती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी की पर्सनल लाइफ को सार्वजनिक चर्चा का निशाना बना दिया जाए. कुबरा ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी के बारे में कुछ लिखने या वायरल कंटेंट बनाने से पहले खुद से सवाल करने की अपील भी की.
महिलाओं के सम्मान की भी की बात
कुबरा सैत ने अपनी बात को सिर्फ गोविंदा तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने महिलाओं के सम्मान को लेकर भी अपनी राय रखी. उनका कहना था कि महिलाओं के सम्मान की बात सिर्फ तब नहीं होनी चाहिए जब उनके साथ कोई बड़ी या गंभीर घटना हो. रोजमर्रा की जिंदगी में भी महिलाओं के फैसलों और उनकी निजी जिंदगी का सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि किसी महिला से बार-बार खुद को सही साबित करने की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए, खासकर तब जब उसने खुद कोई दावा या आरोप शुरू नहीं किया हो.