रियलिटी शो के बाद फिर टीवी सीरियल में नजर आएंगे गौरव खन्ना, इस एक्ट्रेस संग करेंगे रोमांस!
गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के एक नए टीवी शो में साथ नजर आने की खबरों ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक एकता कपूर का प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स स्टार प्लस के लिए नया रोमांटिक फैमिली ड्रामा तैयार कर रहा है.
टीवी की दुनिया में एक नई जोड़ी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या जल्द ही एक नए डेली सोप में साथ नजर आ सकते हैं. दोनों कलाकार स्टार प्लस के लिए तैयार किए जा रहे एकता कपूर के नए रोमांटिक फैमिली ड्रामा का हिस्सा बन सकते हैं. बताया जा रहा है कि शो अभी शुरुआती दौर में है और इसकी कास्टिंग पर काम चल रहा है. ऐसे में फिलहाल गौरव और श्रद्धा के नाम को लेकर सिर्फ रिपोर्ट्स सामने आई हैं. मेकर्स की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
रिश्तों और परिवार के इर्द गिर्द होगी कहानी
रिपोर्ट्स के अनुसार यह शो एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा होगा. कहानी में प्यार के साथ परिवार के रिश्ते और उनके बीच बनने वाले समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. इस प्रोजेक्ट को एकता कपूर का प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स डेवलप कर रहा है. शो की कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि नया शो स्टार प्लस के मौजूदा प्रोग्राम की जगह ले सकता है. हालांकि इसके टाइम स्लॉट और लॉन्च डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स में अक्टूबर 2026 के संभावित लॉन्च की चर्चा है.
गौरव खन्ना की टीवी पर हो सकती है वापसी
गौरव खन्ना टीवी के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं. उन्हें अनुपमा में अनुज कपाड़िया का किरदार निभाकर घर घर में पहचान मिली थी. अनुपमा से अलग होने के बाद गौरव लगातार रियलिटी टीवी के जरिए सुर्खियों में रहे हैं. वह बिग बॉस 19 के विजेता भी रह चुके हैं और फिलहाल खतरों के खिलाड़ी 15 में नजर आ रहे हैं. अगर नए शो में उनकी कास्टिंग फाइनल होती है तो यह उनके लिए एक बार फिर फिक्शन टीवी पर लीड रोल में वापसी होगी.
Also Read
श्रद्धा आर्या भी छोटे पर्दे का जाना पहचाना नाम हैं. उन्हें कुंडली भाग्य में प्रीता के किरदार से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी. उन्होंने इस शो में लंबे समय तक काम किया और 2017 से 2024 तक प्रीता का किरदार निभाया. कुंडली भाग्य एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस से जुड़ा हुआ शो था. ऐसे में अगर श्रद्धा नए प्रोजेक्ट का हिस्सा बनती हैं तो यह एकता कपूर के साथ उनकी एक और बड़ी टीवी पारी होगी.