IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'वापस आना किसी चमत्कार से कम नहीं', यूएस-ईरान युद्ध के बीच अबू धाबी से सकुलशल भारत लौटीं एक्ट्रेस, सुनाई खौफनाक आपबीती

US ईरान तनाव के बीच अबू धाबी में फंसी ईशा गुप्ता सुरक्षित भारत लौट आई हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर एयरलाइंस, यूएई सरकार और होटल स्टाफ का आभार जताया. एयरपोर्ट बंद होने के बाद की अफरा तफरी का भी जिक्र किया.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: US और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई भारतीय नागरिक और सेलिब्रिटी UAE में फंस गए थे. उन्हीं में से एक थीं बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता. अब एक्ट्रेस सुरक्षित भारत लौट आई हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट शेयर कर अपने फैंस को इस बात की जानकारी दी. ईशा ने बताया कि 28 तारीख को वह एयरपोर्ट पर थीं. दोपहर करीब 1 बजे तक एयरपोर्ट बंद कर दिया गया. अचानक अफरा तफरी का माहौल बन गया क्योंकि किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है.

बाद में मिसाइल हमले की खबरें आने लगीं. उन्होंने लिखा कि उस वक्त हर कोई डरा हुआ था और अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था. अजनबी लोग भी एक दूसरे को दिलासा दे रहे थे.

अबू धाबी एयरपोर्ट स्टाफ की सराहना

एक्ट्रेस ने खास तौर पर अबू धाबी एयरपोर्ट और वहां के स्टाफ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ग्राउंड स्टाफ और सुरक्षा कर्मी तुरंत एक्शन में आ गए और पूरे समय शांत बने रहे. उन्होंने लिखा कि उन्होंने अभी चेक इन नहीं किया था, इसलिए वह वापस अपने होटल लौट गईं. बाद में होटल में अन्य यात्रियों से उस रात की कई कहानियां सुनने को मिलीं.

एयरलाइंस और यूएई प्रशासन को कहा धन्यवाद

ईशा गुप्ता ने एयरलाइंस, यूएई सरकार और होटल स्टाफ का आभार जताया. उन्होंने इसे भगवान का आशीर्वाद बताया कि वह सुरक्षित भारत लौट पाईं. उनकी पोस्ट के बाद फैंस ने राहत की सांस ली और कमेंट सेक्शन में उनकी सुरक्षित वापसी पर खुशी जताई. पोस्ट की शुरुआत में ही उन्होंने लिखा घर वापस. यह दो शब्द उनके लिए भावनाओं से भरे थे. कठिन हालात के बीच सुरक्षित घर लौटना उनके लिए बड़ी राहत रहा.

US ईरान तनाव का असर कई देशों पर पड़ा है. ऐसे में विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी को लेकर लगातार प्रयास जारी हैं. ईशा गुप्ता की यह कहानी बताती है कि संकट के समय धैर्य और सहयोग कितने महत्वपूर्ण होते हैं. अब वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित हैं और फैंस उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं.