US Israel Iran War

'खोदा पहाड़… निकला चूहा', रामायण के टीजर पर फिल्मकार संजय गुप्ता ने कसा तंज? नेटिजन्स ने शुरू कर दी बहस

हाल ही में टीजर गुरुवार को मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान रिलीज किया गया. रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल अभिनीत इस फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जबकि कई दर्शक टीजर की भव्यता और वीएफएक्स की तारीफ कर रहे थे, तो कुछ लोग काफी निराश भी नजर आए.

x
Antima Pal

मुंबई: रामायण फिल्म का हाल ही में टीजर गुरुवार को मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान रिलीज किया गया. रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल अभिनीत इस फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जबकि कई दर्शक टीजर की भव्यता और वीएफएक्स की तारीफ कर रहे थे, तो कुछ लोग काफी निराश भी नजर आए.

फिल्मकार संजय गुप्ता का एक क्रिप्टिक ट्वीट वायरल

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी फिल्म के लिए टीजर में कुछ खास नहीं था. ठीक उसी समय फिल्मकार संजय गुप्ता का एक क्रिप्टिक ट्वीट वायरल हो गया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया. संजय गुप्ता ने टीजर रिलीज होने के तुरंत बाद ट्वीट किया- 'खोदा पहाड़… निकला चूहा' ट्वीट में उन्होंने किसी फिल्म या कलाकार का नाम नहीं लिया, लेकिन नेटिजन्स ने इसे सीधे रामायण के टीजर पर तंज के रूप में देखा.

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने संजय गुप्ता पर जमकर हमला बोल दिया. कई लोगों ने उन्हें ट्रोल किया और कहा कि टीजर अभी रिलीज ही हुआ है और आप पहले ही नकारात्मक टिप्पणी कर रहे हैं. 

संजय गुप्ता कौन हैं?

संजय गुप्ता बॉलीवुड के जाने-माने डायरेक्टर हैं. उन्होंने कांटे, आतिश, जंग, मुसाफिर, जिंदा, शूटआउट एट वडाला, जज्बा और काबिल जैसी फिल्में निर्देशित की हैं. उनकी आखिरी फिल्म द मिरांडा ब्रदर्स 2024 में जियोसिनेमा पर रिलीज हुई थी. नेटिजन्स की प्रतिक्रियाएं काफी मिश्रित रहीं. कुछ यूजर्स ने लिखा – 'संजय गुप्ता जी, पहाड़ खोदने वाले आप हैं या नितेश तिवारी?' एक टीजर देखकर इतना जलन? शर्म करो', 'खुद की फिल्में हिट नहीं हुईं, दूसरों पर तंज कस रहे हैं.'

कुछ लोगों ने उनका बचाव भी किया और कहा कि हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है. उन्होंने लिखा कि टीजर में जो दिखाया गया वो अपेक्षा से कम था, इसलिए संजय गुप्ता की टिप्पणी सही हो सकती है. 

रामायण फिल्म के बारे में 

रामायण नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित दो भागों वाली भव्य फिल्म है. पार्ट 1 इस दीवाली (2026) को रिलीज होगी, जबकि पार्ट 2 दीवाली 2027 में आएगी. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. साई पल्लवी सीता और यश रावण के रोल में हैं. फिलहाल संजय गुप्ता ने अपने ट्वीट पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है.

उन्होंने न तो रामायण का नाम लिया और न ही कोई और बयान जारी किया. सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर काफी बहस चल रही है. कुछ लोग कह रहे हैं कि टीजर देखने के बाद दर्शकों की उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं, इसलिए निराशा स्वाभाविक है. वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि इतनी बड़ी स्केल की फिल्म का टीजर पहले दिन ही नकारात्मक टिप्पणियों का शिकार हो जाना ठीक नहीं है. 

कुल मिलाकर संजय गुप्ता का यह एक लाइन वाला ट्वीट रामायण टीजर के रिलीज के बाद सबसे ज्यादा चर्चित टॉपिक बन गया. अब देखना होगा कि आगे इस विवाद पर संजय गुप्ता कुछ बोलते हैं या नहीं. फिल्म प्रेमी अब पूरा टीजर और फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.