मुंबई: दिल्ली हाईकोर्ट ने रैपर यो यो हनी सिंह और बादशाह के पुराने विवादित गाने 'वॉल्यूम 1' पर सख्त कार्रवाई की है. कोर्ट ने इस गाने को सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया और म्यूजिक स्ट्रीमिंग साइट्स से तुरंत हटाने का आदेश दिया है. यह गाना 2000 के दशक में 'माफिया मुंधीर' ग्रुप के नाम से रिलीज हुआ था.
जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव की सिंगल बेंच ने गाने के बोलों को 'grossly vulgar, obscene और महिलाओं के प्रति अत्यधिक अपमानजनक' बताया. कोर्ट ने कहा कि यह गाना महिलाओं को सिर्फ यौनिक वस्तु के रूप में पेश करता है और सामाजिक मूल्यों का मजाक उड़ाता है. कोर्ट ने अपने आदेश में साफ कहा कि 'यह उन दुर्लभ मामलों में से एक है जहां कोर्ट की अंतरात्मा पूरी तरह हिल गई है. सभ्य समाज में ऐसे कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.'
कोर्ट ने हनी सिंह, बादशाह और सभी राइट्स होल्डर्स को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया कि गाने का कोई भी वर्जन, रीमिक्स या हिस्सा इंटरनेट पर कहीं भी उपलब्ध नहीं रहना चाहिए.
हिंदू शक्ति दल की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने यह फैसला सुनाया. याचिका में आरोप लगाया गया था कि हाल ही में हनी सिंह के एक कंसर्ट में इस गाने के कुछ बोल गाए गए, जिससे विवाद फिर से भड़क गया. गाने के बोल महिलाओं के प्रति इतने अपमानजनक थे कि कोर्ट ने उन्हें लिखित रूप में भी दर्ज करने से परहेज किया. कोर्ट ने केंद्र सरकार, सोशल मीडिया इंटरमीडियरी और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स को भी निर्देश दिया कि वे इस गाने और इससे जुड़ी किसी भी सामग्री को ब्लॉक करें. अगर कोई नया URL या रीमिक्स सामने आता है तो उसे भी तुरंत हटाया जाए.
संगीत जगत पर असरहनी सिंह और बादशाह दोनों ही पॉपुलर रैपर्स हैं. दोनों ने अपना करियर 'माफिया मुंधीर' ग्रुप से शुरू किया था. बाद में दोनों अलग-अलग सफल हुए. यह पुराना गाना अब फिर सुर्खियों में आ गया है. कोर्ट का यह फैसला बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में महिलाओं के प्रति अपमानजनक कंटेंट को लेकर बढ़ती संवेदनशीलता को दिखाता है.