मुंबई: आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया है. पहले तीन हफ्तों में फिल्म ने जिस तरह की कमाई की वह बॉलीवुड के लिए एक नया रिकॉर्ड बन गया. यह फिल्म भारत में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन चुकी है.
हालांकि अब फिल्म अपने चौथे हफ्ते में पहुंच चुकी है और यहां से इसकी कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी होती नजर आ रही है. बावजूद इसके फिल्म की कुल कमाई अब भी बेहद मजबूत बनी हुई है और दर्शकों का प्यार लगातार मिल रहा है.
ताजा रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपने 23वें दिन लगभग 6.70 करोड़ की कमाई की है. यह अब तक का सबसे कम एक दिन का कलेक्शन माना जा रहा है. खास बात यह है कि शुक्रवार को फिल्म की कमाई में और गिरावट देखने को मिली क्योंकि उसी दिन कई नई फिल्में रिलीज हुईं. नई रिलीज फिल्मों में 'डकैत' और 'लव इंश्योरेंस कंपनी' जैसी फिल्मों ने दर्शकों का ध्यान खींचा. इसका असर धुरंधर 2 के स्क्रीन काउंट और कमाई दोनों पर पड़ा. अगर फिल्म के पहले तीन हफ्तों की बात करें तो इसका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है.
इन आंकड़ों को मिलाकर देखा जाए तो फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 1055.12 करोड़ तक पहुंच गया है जबकि ग्रॉस कलेक्शन 1262.06 करोड़ हो चुका है.
चौथे हफ्ते में किसी भी फिल्म के लिए कलेक्शन बनाए रखना आसान नहीं होता. ऊपर से जब नई फिल्में रिलीज हो जाती हैं तो मुकाबला और भी कठिन हो जाता है. धुरंधर 2 के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है. हालांकि फिल्म की गिरती रफ्तार को पूरी तरह नकारात्मक नहीं कहा जा सकता क्योंकि इतने बड़े कलेक्शन के बाद यह गिरावट सामान्य मानी जाती है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म आने वाले दिनों में भी धीरे धीरे कमाई करती रहेगी और इसका लाइफटाइम कलेक्शन और भी बढ़ सकता है.