menu-icon
India Daily

जेडी वेंस से लेकर अराघची तक... इस्लामाबाद में शांति की मेज पर कौन-कौन होगा? चेक करें अमेरिका-ईरान की गेस्ट लिस्ट

आज इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान शांति वार्ता शुरू हो रही है. US उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और जारेड कुश्नर समेत 4 दिग्गज, जबकि ईरान की तरफ विदेश मंत्री अब्बास अराघची, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलिबाफ समेत 6 प्रभावशाली नेता शामिल हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
जेडी वेंस से लेकर अराघची तक... इस्लामाबाद में शांति की मेज पर कौन-कौन होगा? चेक करें अमेरिका-ईरान की गेस्ट लिस्ट
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: आज पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की शुरुआत हो रही है. इस अहम बैठक में दोनों देशों के सबसे प्रभावशाली और उच्चस्तरीय नेता शामिल हो रहे हैं. दो हफ्ते के सीजफायर के बाद स्थायी शांति की दिशा में हो रही यह वार्ता इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें ट्रंप प्रशासन के करीबी और ईरान के शीर्ष राजनयिक आमने-सामने बैठ रहे हैं. पाकिस्तान मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है.

वार्ता की सफलता या असफलता मिडिल ईस्ट के भविष्य को तय कर सकती है. दोनों तरफ से आए मेहमानों की लिस्ट बेहद शक्तिशाली है. अमेरिका ने अपने उपराष्ट्रपति को भेजा है तो ईरान ने विदेश मंत्री और संसद अध्यक्ष जैसे भारी-भरकम चेहरों को. इस गेस्ट लिस्ट पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है. 

अमेरिकी डेलिगेशन: जेडी वेंस और कुश्नर की अगुवाई

अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता का नेतृत्व कर रहे हैं. उनके साथ ट्रंप के दामाद जारेड कुश्नर, पश्चिम एशिया विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर शामिल हैं. यह चार सदस्यीय टीम ट्रंप की सीधी नीति के साथ इस्लामाबाद पहुंची है. 

ईरानी डेलिगेशन: अराघची और गलिबाफ की मजबूत टीम

ईरान की तरफ से विदेश मंत्री अब्बास अराघची नेतृत्व कर रहे हैं. उनके साथ संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलिबाफ, रक्षा परिषद सचिव अली अकबर अहमदीन, केंद्रीय बैंक गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती, राजनयिक मजीद तख्त रवांची और सुरक्षा विशेषज्ञ मोहम्मद बागेर जोल्घाद्र शामिल हैं. कुल 6 सदस्यीय यह टीम बेहद प्रभावशाली मानी जा रही है.

ईरानी टीम का खास नाम: मीनाब 168

ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने खुद को ‘मीनाब 168’ नाम दिया है. यह नाम ईरान के मीनाब शहर में स्कूल पर हुए हमले में शहीद 168 बच्चों की याद में रखा गया है. मोहम्मद बागेर गलिबाफ ने सोशल मीडिया पर इस नाम के साथ तस्वीर शेयर कर संदेश दिया है.

पाकिस्तान की मेजबानी टीम

पाकिस्तान की तरफ से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, थल सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर, विदेश मंत्री इशाक डार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोहम्मद असीम मलिक वार्ता की मेजबानी कर रहे हैं. चार सदस्यीय यह टीम मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेगी.

वार्ता पर टिकी दुनिया की निगाहें

इस शक्तिशाली गेस्ट लिस्ट के साथ शुरू हुई वार्ता में परमाणु मुद्दा, क्षेत्रीय सुरक्षा और प्रतिबंधों जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी. अगर ये दिग्गज नेता सहमति बना लेते हैं तो मिडिल ईस्ट में शांति की नई राह खुल सकती है.