मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज ने हर तरफ धमाल मचा दिया. फिल्म के गाने, डायलॉग और सीन ट्रेंडिंग हो गए. लेकिन एक डायलॉग ने विवाद खड़ा कर दिया. अभिनेता विवेक सिन्हा, जो फिल्म में पाकिस्तानी आतंकी जाहूर मिस्त्री का रोल निभा रहे हैं, अब खुद विवादों के घेरे में आ गए हैं.
विवेक के किरदार का एक डायलॉग काफी वायरल हुआ – 'हिंदू वाकई डरपोक कौम है' इस लाइन ने कई दर्शकों को भड़का दिया. लोग इस डायलॉग को फिल्म का हिस्सा समझने की बजाय विवेक सिन्हा से व्यक्तिगत तौर पर नाराज हो गए. सोशल मीडिया पर उन्हें धमकियां और आलोचनाएं मिलने लगीं. कुछ यूजर्स तो इतने गुस्से में थे कि स्क्रीन में घुसकर मारने की बातें करने लगे.
विवेक सिन्हा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर एक महिला ने उन्हें मैसेज भेजा – 'तुम्हें शर्म आनी चाहिए कि तुम हिंदू होकर छोटी सी रकम के लिए हिंदुओं के खिलाफ ऐसी बात कह रहे हो.' महिला ने मैसेज लिखकर चली गई. विवेक को हैरानी हुई कि लोग उनके रियल लाइफ और स्क्रीन के किरदार में फर्क नहीं कर पा रहे हैं.
इस विवाद पर विवेक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो भी शेयर किया. उन्होंने साफ कहा, 'मेरा नाम विवेक सिन्हा है और मैं आतंकवादी नहीं हूं. मैं पाकिस्तान से नहीं हूं, बल्कि बिजनौर (धामपुर) का हूं और अब मुंबई में रहता हूं.' उन्होंने आगे कहा, 'भाई इतना गुस्सा? इतने सारे कमेंट्स आ रहे हैं कि तेरी शक्ल आतंकवादी जैसी लग रही है, स्क्रीन में घुसकर मार दूं.' विवेक ने इस देशभक्ति को सैल्यूट किया.
उन्होंने कहा कि लोगों का गुस्सा देखकर उन्हें अच्छा लगा क्योंकि इससे पता चलता है कि देश के प्रति कितना प्यार और गुस्सा है. लेकिन साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि फिल्म में जो कुछ भी है, वो सिर्फ एक किरदार है. असल जिंदगी में वे एक सामान्य अभिनेता हैं. फिल्म में विवेक का रोल काफी पावरफुल है. उन्होंने आतंकी का किरदार इतना रियल बनाया कि दर्शक भड़क उठे.
विवेक सिन्हा ने कहा कि हम फिल्म में पाकिस्तान से असली आतंकी को एक्टिंग के लिए नहीं बुला सकते. अभिनेता ही तो किरदार निभाते हैं. ये सिर्फ एक्टिंग है, पर्सनल ओपिनियन नहीं. उनका ये बयान काफी चर्चा में है. फिल्म में फैंस विवेक की एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं.