BRICS 2026

100 करोड़ के क्लब में पहुंची 'धमाल 4', 'अल्फा' और 'वेलकम टू द जंगल' की निकली हेकड़ी; हैरान कर देगा आकंड़ा

'धमाल' फ्रैंचाइजी की चौथी फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी शुक्रवार को 5.50 करोड़ की कमाई की. अब तक भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 101.50 करोड़ पहुंच चुका है. विदेशों से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जहां इसने 18.75 करोड़ कमाए हैं.

X
Antima Pal

Box Office Collection: बॉलीवुड में इन दिनों बॉक्स ऑफिस का खेल काफी दिलचस्प चल रहा है. एक तरफ 'धमाल 4' ने कमाई का धमाका करते हुए 100 करोड़ क्लब में एंट्री मार ली है, तो दूसरी तरफ आलिया भट्ट की 'अल्फा' और अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' जैसे बड़े बजट वाले फिल्में दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम साबित हो रही हैं.

100 करोड़ क्लब में पहुंची 'धमाल 4'

'धमाल' फ्रैंचाइजी की चौथी फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी शुक्रवार को 5.50 करोड़ की कमाई की. अब तक भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 101.50 करोड़ पहुंच चुका है. विदेशों से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जहां इसने 18.75 करोड़ कमाए हैं. वर्ल्डवाइड कुल कमाई 139.78 करोड़ हो गई है. 130 से 200 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में ही सेंचुरी जड़ ली है, जो फैंस के लिए अच्छी खबर है.

'अल्फा' और 'वेलकम टू द जंगल' की निकली हेकड़ी

दूसरी ओर आलिया भट्ट और शरवरी की फिल्म 'अल्फा' की हालत काफी कमजोर बताई जा रही है. रिलीज के 15वें दिन फिल्म सिर्फ 25 लाख ही कमा सकी. भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 56.65 करोड़ पहुंचा है, जबकि ग्रॉस कमाई 67.49 करोड़ के आसपास है. पूरी दुनिया में फिल्म ने अब तक 95.74 करोड़ कमाए हैं. 100 से 130 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी ज्यादा थीं, लेकिन दर्शक अभी तक इसे पसंद नहीं कर पाए.



अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई भी अब थम सी गई है. रिलीज के 22वें दिन फिल्म ने सिर्फ 24 लाख ही कमाए. भारत में इसका नेट कलेक्शन 132.05 करोड़ है, जबकि विदेशों से 33.35 करोड़ की कमाई हुई है. वर्ल्डवाइड कुल कमाई 190.24 करोड़ हो चुकी है. 125 करोड़ रुपये के बजट वाली यह फिल्म शुरूआती दिनों में ठीक-ठाक चली, लेकिन अब इसका ग्राफ तेजी से नीचे आ रहा है. इन सभी फिल्मों पर क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'द ओडिसी' का भी असर दिख रहा है, जिसने बड़े पर्दे पर दर्शकों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है.