फुटबॉल के बाद अब एक्टिंग में छाएंगे रोनाल्डो, पहले टीवी शो की शूटिंग शुरू
क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनके पहले टीवी शो की शूटिंग शुरू हो गई है.
दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब फुटबॉल के मैदान के बाद एक्टिंग की दुनिया में भी अपना हुनर दिखाने के लिए तैयार हैं. उन्होंने अपने करियर की नई शुरुआत करते हुए पहले टीवी शो की शूटिंग शुरू कर दी है. इस खास खबर की जानकारी खुद रोनाल्डो ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दी है. उनकी इस घोषणा के बाद फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की. इसमें उन्होंने बताया कि उनके पहले टीवी शो का पहला दिन है और काम शुरू हो चुका है. रोनाल्डो ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'एक्साइटिंग खबर है. मेरे पहले टीवी शो का पहला दिन. काम शुरू हो गया है. आगे-आगे देखिए होता है क्या.' उनके इस पोस्ट से साफ है कि वह अपने करियर में एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं.
सीरीज को लेकर जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट हॉलीवुड डायरेक्टर मैथ्यू वॉन के साथ मिलकर UR.MARV के बैनर तले तैयार किया जा रहा है. इस सीरीज को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें रोनाल्डो के अलावा कई दूसरे लोकप्रिय फुटबॉल खिलाड़ी भी नजर आ सकते हैं. बताया जा रहा है कि इसकी कहानी फुटबॉल एजेंट्स की दुनिया के इर्द-गिर्द बुनी गई है. ऐसे में दर्शकों को फुटबॉल की दुनिया से जुड़ी एक अलग कहानी देखने को मिल सकती है.
Also Read
- ‘अब बच्चे नहीं देखेंगे शो…’, Bigg Boss 20 पर भड़के जय भानुशाली; बेटी तारा का नाम इस्तेमाल होने पर लिया बड़ा फैसला
- बिग बॉस के घर में माही विज ने आपा खोया, जय भानुशाली का नाम सुनते ही लव गिल पर भड़कीं एक्ट्रेस
- Ashutosh Rana Birthday: साढ़े 3 साल की उम्र में खुद चुना अपना नाम, आज आशुतोष राणा के जन्मदिन पर जानें उनकी अनसुनी कहानी
करियर का एक दिलचस्प मोड़
रोनाल्डो के इस नए प्रोजेक्ट को उनके करियर का एक दिलचस्प मोड़ माना जा रहा है. अब तक उन्होंने अपनी पहचान एक बेहतरीन फुटबॉलर के रूप में बनाई है, लेकिन टीवी शो के जरिए वह मनोरंजन की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं. हालांकि, सीरीज में उनकी भूमिका कैसी होगी और वह किस अंदाज में दिखाई देंगे, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.
प्रदर्शन से दुनिया भर में बनाई पहचान
रोनाल्डो का फुटबॉल करियर भी शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है. उन्होंने साल 2003 में महज 18 साल की उम्र में पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के लिए डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने लगातार अपने प्रदर्शन से दुनिया भर में पहचान बनाई और टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल हो गए. बाद में उन्हें पुर्तगाल की कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिली.
रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 234 मैचों में 146 गोल किए हैं. वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. साल 2016 में पुर्तगाल को यूरो कप का खिताब दिलाने में भी उनकी अहम भूमिका रही थी. अब फुटबॉल के बाद अभिनय की दुनिया में उनकी नई शुरुआत ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है.