बेटे की कब्र पर फूल रख रो पड़ीं सेलिना जेटली, बताई दिल की आखिरी इच्छा
सेलिना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर के जन्मदिन पर एक भावुक वीडियो और लंबा नोट शेयर किया है. बेटे की कब्र के पास बैठे हुए सेलिना ने उसे याद किया और अपनी आखिरी इच्छा भी बताई.
बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर के जन्मदिन पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है. एक्ट्रेस ने एक वीडियो के जरिए अपने बेटे को याद किया और उसके साथ बिताए पलों को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. इस पोस्ट में सेलिना ने मां बनने के बाद अपने बच्चों के लिए महसूस किए जाने वाले प्यार और बेटे को खोने के दर्द के बारे में खुलकर लिखा.
वीडियो में सेलिना अपने बेटे की कब्र के पास बैठी दिखाई देती हैं. वह वहां फूल रखती हैं और भावुक हो जाती हैं. इसके साथ उन्होंने शमशेर को संबोधित करते हुए एक लंबा नोट लिखा है.
बेटे के साथ रहना चाहती हैं सेलिना
सेलिना ने अपनी पोस्ट में अपनी एक निजी इच्छा का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि जब उनकी जिंदगी अपने स्वाभाविक अंत तक पहुंचे, तो उनका अंतिम संस्कार भारत में किया जाए और उनकी अस्थियां ऑस्ट्रिया में उनके बेटे शमशेर के साथ रखी जाएं. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने अप्रैल में ऑस्ट्रिया की यात्रा के दौरान यह वीडियो रिकॉर्ड किया था. उस समय उन्हें नहीं पता था कि वह अपने बेटे से दोबारा कब मिल पाएंगी. इसलिए उन्होंने इस मुलाकात की एक याद अपने पास रखने के लिए वीडियो बनाया.
Also Read
बेटे को याद कर छलका मां का दर्द
अपने भावुक नोट में सेलिना ने लिखा कि वह अपने बच्चों के लिए मजबूत बने रहने की कोशिश करती हैं. उन्होंने शमशेर के भाई आर्थू का भी जिक्र किया और बताया कि उन्हें उसकी आंखों और बातों में शमशेर की कमी महसूस होती है. सेलिना ने लिखा कि उन्हें लगता है कि शमशेर अपने भाई और उन पर नजर रख रहा है. उन्होंने अपने बेटे को याद करते हुए यह भी कहा कि भले ही वह उनके साथ शारीरिक रूप से मौजूद नहीं है, लेकिन एक मां के रूप में उनका प्यार कभी खत्म नहीं हुआ.
कानूनी कार्यवाही के बीच बच्चों से दूर होने का दर्द
सेलिना ने अपने पोस्ट में परिवार से जुड़ी चल रही कानूनी कार्यवाही का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण उन्हें यह नहीं पता कि वह अपने बच्चों के पास दोबारा कब लौट पाएंगी. एक्ट्रेस ने इस दौरान एक मां के लिए अपने बच्चों के प्रति प्यार को शब्दों और दस्तावेजों के जरिए साबित करने की मुश्किल का भी जिक्र किया. उन्होंने अपने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनका प्यार हमेशा उनके साथ रहेगा और इसे पाने के लिए उन्हें कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है.