आंसू असली हैं या नकली? बादशाह की एक्स वाइफ से सलमान खान ने पूछा सवाल, दी सलाह

Bigg Boss 20 में बादशाह की एक्स-वाइफ ईशा रिखी की एंट्री के दौरान उनकी निजी जिंदगी चर्चा में आ गई. स्टेज पर ईशा अपने टूटे रिश्ते की बात करते हुए भावुक हो गईं. सलमान खान ने उनके आंसुओं की सच्चाई पर सवाल किया और बाद में उन्हें अतीत से आगे बढ़ने की सलाह दी.

X
Babli Rautela

सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 20 में पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी की एंट्री के साथ उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में आ गई. ईशा शो की चौथी कंटेस्टेंट के तौर पर बिग बॉस के घर में पहुंचीं. स्टेज पर आने से पहले उनके सफर और निजी जिंदगी से जुड़ा एक इमोशनल वीडियो दिखाया गया, जिसमें वह प्यार, शादी और रिश्ते के टूटने को लेकर बात करते हुए भावुक हो गईं. हालांकि, जब ईशा सलमान खान के सामने पहुंचीं तो एक्टर ने उनके आंसुओं को लेकर सीधे सवाल कर दिया.

‘तुम्हारे आंसू असली थे या नकली?’

सलमान खान ने ईशा से पूछा कि वीडियो में दिखाई दिए उनके आंसू वास्तव में निकले थे या फिर वह सिर्फ इमोशनल सीन का हिस्सा था. ईशा ने जवाब दिया कि उनके आंसू बिल्कुल असली थे. इसके बाद सलमान ने उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि ब्रेकअप हर किसी की जिंदगी का हिस्सा हो सकता है और ईशा को अब अपने वर्तमान पर ध्यान देना चाहिए. सलमान ने ईशा को यह भी समझाने की कोशिश की कि उन्हें अपने अतीत के कारण भावनात्मक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए.

बादशाह पर बात करने से ईशा ने किया इनकार

बिग बॉस के मंच पर सलमान ने ईशा से पूछा कि क्या वह शो में अपने पति और शादी से जुड़ी बातों पर चर्चा करेंगी. इस पर ईशा ने साफ कर दिया कि वह इस विषय पर बात नहीं करना चाहतीं. ईशा ने संकेत दिया कि वह अपने रिश्ते से जुड़े मामले को अपने तक ही रखना चाहती हैं. सलमान ने भी उनके फैसले का समर्थन किया और कहा कि निजी मामले निजी ही रहने चाहिए. सलमान ने ईशा से कहा कि उन्हें अब वर्तमान पर ध्यान देना चाहिए और बिग बॉस के घर में अपने मुकाबले पर फोकस करना चाहिए.


सलमान ने कहा- दूसरी तरफ वाला आगे बढ़ चुका है

ईशा को समझाते हुए सलमान ने यह भी कहा कि दूसरी तरफ वाला व्यक्ति काफी पहले आगे बढ़ चुका है. उन्होंने ईशा को सलाह दी कि किसी दूसरे व्यक्ति को उन्हें भावनात्मक रूप से चोट पहुंचाने का अधिकार नहीं दिया जाना चाहिए. सलमान की इस बात को बादशाह की ओर इशारा माना जा रहा है. हालांकि, ईशा ने मंच पर अपने पति या पूर्व रिश्ते का नाम लेने से परहेज किया.

बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी के रिश्ते की खबरें इसी साल चर्चा में आई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था. इसके बाद अगस्त में दोनों के अलग होने की खबर सामने आई. बताया गया कि दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया. साथ ही दोनों की ओर से यह भी कहा गया कि वे इस मामले पर आगे सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं करना चाहते.