Bigg Boss 20: लहंगा-दुपट्टा पहन काजी ने किया धमाल, मनीष पर लगाए गंभीर आरोप; घर में छिड़ी जंग
बिग बॉस 20 के नए प्रोमो में काजी तौकीर लड़की के गेटअप में नजर आ रहे हैं. इस दौरान मनीष गोयल उन्हें बाहों में लेकर डांस करते हैं और वॉशरूम में खींचकर ले जाते हैं.
बिग बॉस 20 में इन दिनों खूब ड्रामा देखने को मिल रहा है. शो के एंटरटेनर काजी तौकीर अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. लेकिन आने वाले एपिसोड में उनकी मस्ती एक बड़े विवाद में बदलती नजर आएगी.
शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें काजी लड़की के गेटअप में दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने लहंगा और ब्लाउज पहना है और सिर पर दुपट्टा ओढ़कर सभी को हैरान कर दिया. हालांकि, बाद में उन्होंने मनीष गोयल पर गलत तरीके से छूने का गंभीर आरोप लगाया.
लड़की के गेटअप में दिखे काजी तौकीर
वायरल प्रोमो में काजी तौकीर पूरे लड़की वाले अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनका लुक देखकर घर के बाकी सदस्य भी हैरान रह जाते हैं. सभी उनके इस अवतार पर हूटिंग करते हैं. वहीं, घर की लड़कियां उनकी नजर उतारती दिखाई देती हैं. माही विज तो काजी को हीरोइन का टैग भी दे देती हैं.
Also Read
इस दौरान काजी मस्ती के मूड में मनीष गोयल को छेड़ते हैं. मनीष भी उनके साथ मजाक करने लगते हैं. दोनों के बीच हंसी-मजाक चलता है और मनीष काजी को अपनी बाहों में लेकर डांस करने लगते हैं. इसके बाद मनीष उन्हें खींचकर वॉशरूम के अंदर ले जाते हैं और दरवाजा बंद कर लेते हैं.
काजी ने मनीष पर लगाया आरोप
शुरुआत में घर के सदस्य इस पूरे घटनाक्रम को मस्ती के तौर पर लेते हैं, लेकिन बाद में मामला गंभीर हो जाता है. काजी तौकीर लिविंग रूम में मनीष गोयल से नाराजगी जाहिर करते हैं. वह कहते हैं कि मनीष ने जो हरकत की, वह उन्हें बिल्कुल अच्छी नहीं लगी. काजी कहते हैं, 'आपने जो हरकत की है, वो मुझे चुभ गई है. कल आपने कंट्रोल खो दिया था. वो मेरी बॉडी थी. मेरे अंदर एक औरत आई थी. आपने वो औरत पकड़ ली.'
काजी की यह बात सुनकर मनीष गुस्से में आ जाते हैं. वह उनकी बातों पर नाराजगी जताते हुए कहते हैं कि उनका दिमाग खराब हो गया है. मनीष का कहना है कि अगर काजी खुद मस्ती करें तो ठीक है, लेकिन दूसरा व्यक्ति ऐसा करे तो उसे गलत बताया जाता है.
मनीष ने भी दी सफाई, माही विज से की शिकायत
काजी के आरोपों पर मनीष गोयल अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं. वह कहते हैं कि वह महिलाओं की बहुत इज्जत करते हैं और इस तरह के आरोप नहीं लगाने चाहिए. उन्होंने काजी से कहा कि उन्हें इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए और इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए.
इसके बाद मनीष बेडरूम में जाकर माही विज से अपनी परेशानी साझा करते हैं. वह गुस्से में कहते हैं, 'मैं औरत हूं. आपने मुझे गलत तरीके से हाथ लगाया. ये कौन सा तरीका होता है बात करने का. मेरे साथ वुमन कार्ड मत खेलना.'
सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
बिग बॉस के इस प्रोमो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं. कुछ यूजर्स काजी के बेबाक अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मजाकिया टिप्पणियां कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि पहली बार देखा है जब कोई पुरुष सदस्य वुमन कार्ड खेल रहा है. अब दर्शकों की नजरें वीकेंड का वार पर टिकी हैं. देखना होगा कि सलमान खान इस पूरे विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और काजी तौकीर तथा मनीष गोयल के बीच हुए इस विवाद को किस तरह सुलझाया जाता है.