दिवाली पर मध्य प्रदेश में मौत का तांडव, आग ने उजाड़े 2 परिवार; 12 की मौत
Madhya Pradesh Fire Accidents: मध्य प्रदेश में दिवाली की खुशियां दो बड़े अग्निकांडों के कारण मातम में बदल गईं. कटनी और सिवनी जिलों में अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया.
Madhya Pradesh Fire Accidents: मध्य प्रदेश में दिवाली की खुशियां दो बड़े अग्निकांडों के कारण मातम में बदल गईं. कटनी और सिवनी जिलों में अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया. इन दोनों हादसों में एक दो महीने के मासूम बच्चे समेत कुल 12 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं. घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है.
कटनी जिले में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत:
कटनी जिले के बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. इमारत के निचले हिस्से में बर्तनों की दुकान थी, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता था. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. इस हादसे में दुकान के मालिक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम और तीन पोतियों आर्या (14), अन्वी (6) तथा दो महीने के मासूम की मौत हो गई.
Also Read
सिवनी में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत:
दूसरा बड़ा हादसा सिवनी जिले के छपारा कस्बे में हुआ. यहां महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास रहने वाले सुनार कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच आग लग गई. हादसे के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे. आग की चपेट में आने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं.
बाकी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि वे घायल हुए हैं. पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस घटना में आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.