मुंबई: टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता विवियन डीसेना और उनकी पत्नी नूरान अली को दूसरी बार पैरेंट्स बनने की खुशी मिली है. कपल को एक प्यारा सा बेटा हुआ है. विवियन ने सोशल मीडिया पर इस अच्छी खबर को अपने फैंस के साथ शेयर किया. उन्होंने लिखा कि उनका किंगडम अब और बड़ा हो गया है. इस बार घर में एक छोटा प्रिंस आया है. विवियन डीसेना, जो प्यार की ये एक कहानी और शक्ति जैसे पॉपुलर शोज से मशहूर हुए, बिग बॉस 18 में भी हिस्सा ले चुके हैं.
विवियन डीसेना ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा- 'थोड़ा रडार से बाहर चले गए थे, बिना वजह नहीं. कुछ कहानियां पहले जी ली जाती हैं, फिर बताई जाती हैं. चुप्पी ने सब कुछ कह दिया. किंगडम अब और बड़ा हो गया... और इस बार ये एक प्रिंस है.'
पोस्ट में उन्होंने नीले दिल, छोटे पैरों के निशान और एंजेल बेबी इमोजी भी लगाए. कैप्शन में लिखा - "अल्हम्दुलिल्लाह". विवियन और नूरान अली पहले से ही एक प्यारी बेटी लयान विवियन डीसेना के माता-पिता हैं. लयान का जन्म 2023 में हुआ था।. अब परिवार में एक सदस्य की एंट्री हो गई है. दोनों बच्चे अब उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी बन गए हैं.
नूरान अली एक पूर्व पत्रकार हैं और विवियन के साथ उनका रिश्ता काफी प्यारा और प्राइवेट रहा है. विवियन डीसेना ने 2022 में नूरान अली से शादी की थी. यह उनकी दूसरी शादी है. इससे पहले वे अपनी टीवी को-स्टार वहबीज डोराबजी से शादीशुदा थे, लेकिन 2021 में दोनों का तलाक हो गया था. नई जिंदगी शुरू करने के बाद विवियन और नूरान ने एक साथ खुशहाल परिवार बसाया.
विवियन अक्सर फैंस को अपनी फैमिली लाइफ के छोटे-छोटे पल शेयर करते रहते हैं. इस खुशी भरी खबर पर फैंस ने विवियन और नूरान को ढेर सारी बधाइयां दी हैं. विवियन डीसेना टीवी इंडस्ट्री में अपने दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. बिग बॉस 18 में उनका सफर भी काफी चर्चा में रहा था. अब पिता बनने के बाद वे और ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं.