भूत बांग्ला का टीजर रिलीज, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर करेगी हंसी और डर का धमाका
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की आने वाली हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बांग्ला का टीजर रिलीज हो गया है. लंबे समय बाद दोनों की जोड़ी साथ आई है. टीजर में कॉमेडी और डर का मजेदार मिश्रण देखने को मिला है.
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और मशहूर डायरेक्टर प्रियदर्शन एक बार फिर साथ काम करते नजर आने वाले हैं. दोनों की नई फिल्म भूत बांग्ला का टीजर रिलीज हो गया है. करीब 15 साल बाद यह जोड़ी किसी फिल्म में साथ नजर आ रही है. इससे पहले दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया था और दर्शकों को खूब हंसाया था. अब भूत बांग्ला के जरिए यह जोड़ी हॉरर और कॉमेडी का नया तड़का लेकर आ रही है.
फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. अक्षय कुमार ने भी इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि हंसी चीख और सरप्राइज बांग्ला के अंदर इंतजार कर रहे हैं. क्या आप अंदर जाने की हिम्मत रखते हैं. टीजर में फिल्म का माहौल काफी रहस्यमय और मजेदार नजर आता है. डर और कॉमेडी दोनों का अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है.
अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग ने जीता दिल
टीजर में अक्षय कुमार का अंदाज सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है. उनकी कॉमिक टाइमिंग एक बार फिर शानदार नजर आती है. परेश रावल भी अपने अंदाज में दमदार नजर आते हैं और फिल्म में हास्य का तड़का लगाते दिखते हैं. हालांकि तब्बू को टीजर में ज्यादा स्क्रीन टाइम नहीं मिला है. वहीं वामिका गब्बी अपने किरदार में काफी खूबसूरत नजर आ रही हैं. फिल्म में राजपाल यादव और दिवंगत एक्टर असरानी भी अहम किरदार में नजर आने वाले हैं.
हालांकि टीजर काफी मनोरंजक है लेकिन इसे देखकर कुछ दर्शकों को दूसरी हॉरर कॉमेडी फिल्मों की याद भी आ सकती है. फिल्म का सेट और महल का माहौल भूल भुलैया जैसी फिल्मों की याद दिलाता है. वहीं कहानी में शादी का एंगल कुछ लोगों को रूही की याद दिला सकता है. इसके अलावा वधुसुर नाम के एक रहस्यमय किरदार की चर्चा स्त्री 2 के सरकटा जैसे किरदारों की झलक देती है.
कब रिलीज होगी भूत बांग्ला
भूत बांग्ला की रिलीज डेट को लेकर भी कई बदलाव हुए हैं. पहले यह फिल्म 2 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली थी. बाद में इसकी रिलीज को मई तक टाल दिया गया था. अब मेकर्स ने नई तारीख का ऐलान किया है और फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि भूत बांग्ला बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है. यह फिल्म धुरंधर 2 के लगभग तीन हफ्ते बाद रिलीज होने जा रही है. इसलिए उम्मीद की जा रही है कि दोनों फिल्मों के बीच सीधा टकराव नहीं होगा. पिछले साल रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने रिलीज के बाद लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी और दूसरी फिल्मों पर भी असर डाला था.
और पढ़ें
- महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से रचाई शादी, कौन है फरमान खान जिसके लिए छोड़ा घरबार
- कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने टेरेस पर रचाई शादी, सामने आईं ड्रीमी वेडिंग की खूबसूरत तस्वीरें
- Aditya Dhar Birthday: उरी की सर्जिकल स्ट्राइक से धुरंधर के धमाल तक, आदित्या धर ने ऐसे किया बॉक्स ऑफिस पर राज