फिर सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही BAFTA अवॉर्ड विजेता मणिपुरी फिल्म 'बूंग', जानें री-रिलीज की तारीख?
मणिपुरी फिल्म 'बूंग' ने BAFTA अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है. अब फैंस के लिए गुड न्यूज है कि यह फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है.
मुंबई: BAFTA अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच चुकी मणिपुरी फिल्म 'बूंग' अब फिर से सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही है. फरहान अख्तर ने इसकी री-रिलीज की तारीख का ऐलान किया है, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह है. यह भावुक और प्रेरणादायक फिल्म बेस्ट चिल्ड्रेंस एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में BAFTA अवॉर्ड जीतकर भारत का नाम रोशन कर चुकी है.
फिर सिनेमाघरों में धमाले मचाने आ रही BAFTA अवॉर्ड विजेता फिल्म 'बूंग'
यह पहली भारतीय फिल्म है जिसने BAFTA में यह सम्मान हासिल किया. 79वें BAFTA अवॉर्ड्स में 22 फरवरी 2026 को लंदन में यह जीत दर्ज हुई. फिल्म को हॉलीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्मों जैसे Lilo & Stitch, Zootopia 2 (या Zootropolis 2) और फ्रेंच एनिमेटेड फिल्म Arco से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन बूंग ने सबको मात देकर इतिहास रचा.
फिल्म की कहानी मणिपुर में रहने वाले एक छोटे बच्चे और उसकी सिंगल मदर के इर्द-गिर्द घूमती है. दोनों अपने पिता की अचानक गुमशुदगी से जूझ रहे हैं. यह निर्दोषता, परिवार के प्यार, मजबूती और उम्मीद की खूबसूरत कहानी है, जो बच्चों से लेकर पूरे परिवार के लिए बेहद खास है. निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी की यह डेब्यू फिल्म है, जिसे फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है.
'निर्दोषता, प्यार और साहस की एक यात्रा'
फिल्म पहले सितंबर 2025 में चुनिंदा सिनेमाघरों (मुख्य रूप से PVR Inox में) में लिमिटेड रिलीज हुई थी. लेकिन BAFTA जीत के बाद अब इसे पूरे भारत में वाइडर रिलीज मिल रही है. फरहान अख्तर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर नया पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- 'निर्दोषता, प्यार और साहस की एक यात्रा. भारत की पहली BAFTA अवॉर्ड विजेता फिल्म को सिनेमाघरों में 6 मार्च 2026 को देखें.' यह घोषणा 27 फरवरी 2026 को की गई और अब दर्शक 6 मार्च का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
BAFTA जीत ने न सिर्फ मणिपुरी और नॉर्थईस्ट सिनेमा को ग्लोबल पहचान दी है, बल्कि क्षेत्रीय भाषाओं की कहानियों को मुख्यधारा में लाने का बड़ा मौका भी दिया है. बूंग का यह री-रिलीज वर्जन ज्यादा स्क्रीन्स पर आएगा, जिससे ज्यादा लोग इस दिल छू लेने वाली कहानी को बड़े पर्दे पर एंजॉय कर सकेंगे.