Video: अविनाश मिश्रा बने ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के विनर, जीते 20 लाख रुपए

अविनाश मिश्रा ने ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब जीत लिया. फिनाले में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़ा. उन्हें ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये, कार और यूरोप ट्रिप मिली.

X
Sagar Bhardwaj

kkk season 15 winner: रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का विजेता मिल गया है. टीवी के लोकप्रिय एक्टर अविनाश मिश्रा ने फिनाले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली. आखिरी मुकाबले में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर यह खिताब जीता.

अविनाश की इस जीत के साथ उन्हें 20 लाख रुपये की प्राइज मनी, एक कार और यूरोप घूमने का मौका मिला है. इसके अलावा इस सीजन में हिस्सा लेने वाले हर कंटेस्टेंट को एक बाइक भी दी गई.


 जीत के बाद अविनाश ने क्या कहा?

ट्रॉफी जीतने के बाद अविनाश मिश्रा ने कहा कि उनके लिए यह शो केवल दूसरों के सामने अपनी काबिलियत साबित करने का सफर नहीं था. बल्कि इस दौरान उन्होंने खुद को बेहतर तरीके से पहचाना. शुरुआत में उन्हें लगता था कि उन्हें खुद को साबित करना है, लेकिन बाद में उन्हें समझ आया कि असली मुकाबला खुद से था.

अविनाश ने कहा कि लोग उन्हें अब तक टीवी एक्टर और अच्छे लुक्स के लिए जानते रहे हैं. वह चाहते थे कि दर्शक उनकी दूसरी खूबियों को भी देखें. उनके मुताबिक शो ने उन्हें डर का सामना करने और खुद पर भरोसा रखना सिखाया.

अंडरवॉटर स्टंट बना अहम मोड़

अविनाश का शो में सफर काफी मजबूत रहा. टीम वीक में उनके प्रदर्शन ने शुरुआत से ही ध्यान खींचा. कई मुश्किल स्टंट्स में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें रोहित शेट्टी की सिग्नेचर वाली कस्टम फियर जैकेट भी मिली.

इसके बाद अंडरवॉटर स्टंट उनके सफर का बड़ा मोड़ साबित हुआ. इस स्टंट में उन्होंने करण वाही को हराकर टॉप-5 में जगह बनाई और सीजन के पहले फाइनलिस्ट बने. इसके बाद भी उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा और वह फिनाले तक पहुंचे.

आखिरकार अविनाश मिश्रा ने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़ते हुए ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.