काव्या मारन संग सात फेरे लेंगे अनिरुद्ध! मामा ने किया कन्फर्म; रजनीकांत के घर बजेगी शहनाई
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सन ग्रुप प्रमुख कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन की शादी की चर्चाओं को नया बल मिला है. अनिरुद्ध के मामा वाई जी महेंद्रन ने दोनों के रिश्ते और संभावित विवाह की पुष्टि जैसी टिप्पणी की है.
नई दिल्ली: संगीतकार और गायक अनिरुद्ध रविचंदर तथा सनराइजर्स हैदराबाद की मालिक काव्या मारन की शादी की खबरों ने मनोरंजन जगत में हलचल बढ़ा दी है. लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब परिवार की ओर से आए एक बयान ने इन चर्चाओं को नई दिशा दे दी है.
अनिरुद्ध रविचंदर के मामा और अभिनेता वाई जी महेंद्रन ने एक इंटरव्यू में दोनों की शादी को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध एक सरल और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं और वह जल्द ही एक बड़ी शादी करने जा रहे हैं. महेंद्रन के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की खबरें तेजी से फैल गईं.
काफी समय से जुड़ रहे थे नाम
पिछले एक-दो वर्षों से अनिरुद्ध और काव्या मारन के रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं सामने आती रही हैं. दोनों को कई मौकों पर साथ देखे जाने की बातें भी सामने आई थीं. वर्ष 2025 में लास वेगास में दोनों की मौजूदगी को लेकर भी खूब चर्चा हुई थी. हालांकि उस समय रिश्ते को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.
Also Read
- 'शूटिंग के पैसे मांगने पर डायरेक्टर ने दी जान से मारने की धमकी', लापता लेडीज एक्टर सतेंद्र सोनी का वीडियो वायरल
- तलाक की खबर के बाद ट्रोल हुए गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला, बिग बॉस 19 का रोमांस भी आया सवालों के घेरे में
- सलमान के बाद रोहित शेट्टी के पीछे पड़ा लॉरेंस बिश्नोई, दूसरी बार दी धमकी; मांगी 20 करोड़ की फिरौती
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन देश के प्रमुख कारोबारी और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं. आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उनकी सक्रिय भूमिका उन्हें खेल जगत में भी लोकप्रिय बनाती है. मैचों के दौरान उनकी मौजूदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है. काव्या अपनी पेशेवर पहचान के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन में भी काफी चर्चित चेहरा हैं.
संगीत की दुनिया का बड़ा नाम हैं अनिरुद्ध
अनिरुद्ध रविचंदर भारतीय संगीत जगत के सबसे सफल युवा संगीतकारों में गिने जाते हैं. उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में संगीत दिया है और उनके गाने देशभर में लोकप्रिय रहे हैं. रजनीकांत, कमल हासन, थलपति विजय और शाहरुख खान जैसे सितारों की फिल्मों में उनका संगीत सुनाई दे चुका है. उनकी पहचान केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रही.
शादी को लेकर क्या हैं चर्चाएं?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों की शादी इस साल के अंत में हो सकती है. चर्चा है कि समारोह विदेश में आयोजित किया जा सकता है, जबकि चेन्नई में एक भव्य रिसेप्शन रखा जाएगा. हालांकि शादी की तारीख, स्थान और कार्यक्रम को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. दोनों परिवार फिलहाल इस पूरे मामले को निजी रखना चाहते हैं.