मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.'लापता लेडीज़' और 'मिर्जापुर' में काम कर चुके सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर दावा किया कि भुगतान मांगने पर उन्हें और अन्य कलाकारों को फिल्म से निकाल दिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई.
सतेंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि वह फिल्म 'पेड़ पालखी' की शूटिंग के लिए मैहर पहुंचे थे. उनके अनुसार निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने साइनिंग अमाउंट के तौर पर 50 हजार रुपये दिए थे और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का आश्वासन दिया था. अभिनेता का दावा है कि शूटिंग शुरू होने के आठ दिन बाद जब उन्होंने और अन्य कलाकारों ने अपना बकाया भुगतान मांगा तो उन्हें होटल से सामान पैक कर निकलने के लिए कहा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई.
एक्टर सतेंद्र सोनी जिन्हें आपने लापता लेडीज फिल्म में देखा होगा। ये फेसबुक पर हमारे मित्र हैं इन्होंने आज कुछ 4 घंटे पहले रोते हुए ये वीडियो शेयर किया था कि एक प्रोड्यूसर ने इन्हें मध्यप्रदेश के मैहर में शूटिंग के लिए बुलाया था और 8 दिनों के बाद जब इन्होंने पैसा मांगा तो पैसा भी… pic.twitter.com/gJWgc5MEuz
— Saurabh (@sauravyadav1133) June 27, 2026
बाद में सतेंद्र सोनी ने एक और वीडियो साझा कर बताया कि वह और अन्य कलाकार सुरक्षित मुंबई लौट आए हैं. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद कठिन अनुभव रहा. अभिनेता ने इस दौरान सहयोग के लिए मैहर पुलिस, अभिनेता आशुतोष राणा और अन्य लोगों का धन्यवाद भी किया. अपने वीडियो में उन्होंने कहा कि सभी की मदद से वे सुरक्षित मुंबई वापस पहुंच सके.
एक्टर सतेंद्र सोनी सुबह 5 बजे मुंबई सुरक्षित पहुंच गए हैं उनके साथ श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी थे। लेकिन बड़ा सवाल छोड़ गए हैं कि मध्यप्रदेश में कुछ लोगों की इतनी हिम्मत हो गई है कि मुंबई से कलाकारों को बुलाकर पैसे नहीं देंगे और जान की धमकी देंगे❓ https://t.co/MQ5wgTEcGM pic.twitter.com/VKU34LxGvJ
— Saurabh (@sauravyadav1133) June 28, 2026
सतेंद्र सोनी कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं. उन्होंने 'डॉक्टर जी', 'बवाल', 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स', 'हेलो बच्चों', 'मिर्जापुर' और किरण राव निर्देशित 'लापता लेडीज़' में अभिनय किया है. 'लापता लेडीज़' में उनके छोटे लेकिन महत्वपूर्ण किरदार की सराहना हुई थी. आमिर खान के समर्थन में बनी यह फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई थी.