एक इंजेक्शन की देरी की वजह से गई थी शोले के 'गब्बर' की जान! बेटे ने 34 साल बाद किया खुलासा
शादाब ने यह भी याद किया कि अमजद खान की जिंदगी एक सड़क दुर्घटना के बाद पूरी तरह बदल गई थी. उस हादसे में उनकी कई हड्डियां टूट गई थीं और फेफड़ों को भी गंभीर चोट पहुंची थी. लंबे समय तक इलाज चला और शारीरिक तकलीफ के साथ-साथ मानसिक तनाव भी बढ़ गया था. उस मुश्किल समय में अमिताभ बच्चन ने परिवार का पूरा साथ दिया.
Amjad Khan Death: दिग्गज अभिनेता अमजद खान आज भी सिनेमा प्रेमियों के दिलों में 'गब्बर' के रूप में जिंदा हैं. 'शोले' में उनकी जबरदस्त अदाकारी आज भी याद की जाती है. लेकिन उनके निधन को करीब 34 साल बीत चुके हैं. अब उनके बेटे शादाब खान ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में पिता के आखिरी पलों के बारे में दिल छू लेने वाला खुलासा किया है, जिसे सुनकर फैंस भावुक हो रहे हैं.
इंजेक्शन की देरी की वजह से गई थी शोले के 'गब्बर' की जान!
शादाब खान ने बताया कि जिस रात अमजद खान की तबीयत अचानक बिगड़ी, उन्हें तुरंत एक इंजेक्शन की जरूरत थी. लेकिन इंजेक्शन लाने में कुछ सेकंड की देरी हो गई. जब शादाब घर पहुंचे तो उनकी मां ने घबराते हुए कहा कि पापा उठ नहीं रहे हैं. कमरे में जाकर देखा तो अमजद खान की हालत बेहद नाजुक थी. डॉक्टरों ने तुरंत इंजेक्शन लगाने को कहा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
गुस्से, दर्द और उदासी में तोड़ डाला था घर का सामान
शादाब कहते हैं कि उस रात उन्होंने पिता को खो दिया. इस घटना के बाद शादाब पूरी तरह टूट गए थे. गुस्से, दर्द और उदासी में उन्होंने घर का सामान भी तोड़ डाला. पिता की कमी उन्हें आज भी बहुत सताती है.
शादाब ने यह भी याद किया कि अमजद खान की जिंदगी एक सड़क दुर्घटना के बाद पूरी तरह बदल गई थी. उस हादसे में उनकी कई हड्डियां टूट गई थीं और फेफड़ों को भी गंभीर चोट पहुंची थी. लंबे समय तक इलाज चला और शारीरिक तकलीफ के साथ-साथ मानसिक तनाव भी बढ़ गया था. उस मुश्किल समय में अमिताभ बच्चन ने परिवार का पूरा साथ दिया.
अमजद खान के परिवार के लिए अमिताभ जी का सहयोग बहुत बड़ी ताकत बना. शादाब इस बात को हमेशा याद रखते हैं और अमिताभ बच्चन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. अमजद खान 1992 में इस दुनिया से चले गए थे, लेकिन उनकी फिल्मी विरासत आज भी नई पीढ़ी को प्रभावित करती है. 'शोले', 'दादी मां', 'नसीब' जैसी फिल्मों में उनकी यादगार भूमिकाएं आज भी चर्चा में रहती हैं. उनके गुस्सैल किरदारों के साथ नरम दिल वाले पिता वाले रोल भी लोग आज भी सराहते हैं.