‘एक्टर कास्ट किए, इंस्टाग्राम वाले नहीं...’, ‘धुरंधर 2’ की तारीफ करते हुए अमीषा पटेल ने किस पर साधा निशाना?

धुरंधर 2 की जबरदस्त सफलता के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल का बयान चर्चा में है. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड को असली एक्टर्स को मौका देना चाहिए, न कि सोशल मीडिया स्टार्स को.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने हाल ही में एक ऐसा बयान दिया है, जिसने बॉलीवुड में नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने रणवीर सिंह की नई रिलीज धुरंधर 2 की सफलता को लेकर खुलकर अपनी राय रखी और इंडस्ट्री को एक अहम संदेश दिया. अमीषा का कहना है कि फिल्मों की सफलता का असली राज मजबूत कहानी और सच्चे कलाकार होते हैं, न कि सोशल मीडिया पर फेमस चेहरे.

अमीषा ने खास तौर पर आदित्य धर की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि आदित्य ने एक फिल्म बनाई है, सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं. यह बात उन्होंने इसलिए कही क्योंकि आजकल कई फिल्में सिर्फ ट्रेंड और मार्केटिंग के लिए बनाई जाती हैं. अमीषा के मुताबिक, धुरंधर 2 में असली कलाकारों को मौका दिया गया, जिसने फिल्म को मजबूती दी.

इंस्टाग्रामर्स बनाम एक्टर्स पर छिड़ी बहस

अपने बयान में अमीषा ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री को इंस्टाग्रामर्स को कास्ट करना बंद करना चाहिए. उनका मानना है कि सिर्फ सोशल मीडिया पर फेमस होना किसी को अच्छा एक्टर नहीं बना देता. उन्होंने इशारों में यह भी कहा कि फिल्मों में वही लोग होने चाहिए, जो अभिनय की समझ रखते हों और किरदार को सही तरीके से निभा सकें. यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कई फिल्मों में सोशल मीडिया स्टार्स को कास्ट करने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है.

धुरंधर 2 की रिकॉर्ड तोड़ कमाई

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म ने सिर्फ 6 दिनों में भारत में 575.67 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 919 करोड़ तक पहुंच चुका है. इस शानदार प्रदर्शन के चलते फिल्म ने गदर 2, पठान और एनिमल जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

इस फिल्म की सफलता में कास्टिंग का बड़ा योगदान माना जा रहा है. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने इस फिल्म के लिए अनुभवी और नए कलाकारों का बेहतरीन संतुलन तैयार किया. फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन और अक्षय खन्ना जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आए हैं. साथ ही कई नए चेहरों ने भी अपनी छाप छोड़ी है, जिससे फिल्म और भी ज्यादा प्रभावी बन गई.