कभी NASA जाने का सपना देखते थे अल्लू अर्जुन, इस फिल्म ने बदल दी किस्मत; आज हर दिल पर राज करते हैं 'पुष्पाराज'
अल्लू अर्जुन का जीवन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि उनका संघर्ष, सपनों और इंसानियत की मिसाल है. उनके जन्मदिन पर जानिए उनकी जिंदगी के वो पहलू जो उन्हें एक अलग पहचान देते हैं.
मुंबई: आज का दिन साउथ सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाने वाले अल्लू अर्जुन के लिए बेहद खास है. 8 अप्रैल को एक्टर अपना जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर उनके फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें खूब प्यार दे रहे हैं. फिल्म पुष्पा द राइज के बाद वह सिर्फ साउथ के नहीं बल्कि पूरे देश के सुपरस्टार बन चुके हैं. उनकी स्टाइल, डायलॉग और डांस ने उन्हें घर घर में फेमस कर दिया है.
अल्लू अर्जुन का फिल्मी सफर बहुत छोटी उम्र से शुरू हो गया था. महज तीन साल की उम्र में उन्होंने पहली बार कैमरे का सामना किया. फिल्म विजेता में वह नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने बाल कलाकार के रूप में भी काम किया. लेकिन असली पहचान उन्हें फिल्म आर्या से मिली. इस फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी और उन्हें स्टार बना दिया. इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार हिट फिल्में दीं.
NASA में काम करना चाहते थे अल्लू अर्जुन
बहुत कम लोग जानते हैं कि अल्लू अर्जुन का सपना हमेशा से एक्टर बनना नहीं था. बचपन में उनके सपने बदलते रहते थे. कभी वह पियानो सिखाना चाहते थे तो कभी मार्शल आर्ट्स में करियर बनाना चाहते थे. एक समय ऐसा भी था जब वह NASA में काम करना चाहते थे. विज्ञान के लिए उनका झुकाव उन्हें इस दिशा में ले गया. उन्होंने एनिमेशन की पढ़ाई भी की और कुछ समय तक विजुअल इफेक्ट से जुड़े काम में भी हाथ आजमाया. लेकिन किस्मत ने उन्हें अभिनय की ओर मोड़ दिया और उन्होंने इस रास्ते को अपनाकर इतिहास रच दिया.
हर जन्मदिन पर करते हैं नेक काम
अल्लू अर्जुन सिर्फ एक शानदार एक्टर ही नहीं बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं. हर साल अपने जन्मदिन पर वह ब्लड डोनेशन करते हैं. यह परंपरा उन्होंने खुद शुरू की और आज उनके फैंस भी इससे प्रेरित होकर इस नेक काम में हिस्सा लेते हैं. उनके लिए जन्मदिन सिर्फ जश्न का दिन नहीं बल्कि समाज के लिए कुछ अच्छा करने का मौका भी होता है.
अल्लू अर्जुन की पहचान सिर्फ उनकी एक्टिंग से नहीं है. वह एक बेहतरीन डांसर हैं और उनकी हर फिल्म में उनका डांस लोगों को आकर्षित करता है. इसके अलावा वह सिंगिंग में भी हाथ आजमा चुके हैं. फिल्म सर्रेनोडु के लिए उन्होंने गाना गाया था. यह दिखाता है कि वह एक ऑलराउंडर कलाकार हैं. उन्हें किताबें पढ़ने का भी शौक है जो उनके व्यक्तित्व को और भी गहराई देता है.