क्या गौरव खन्ना का सरनेम हटाने जा रही हैं आकांक्षा चमोला? इंस्टाग्राम पर मांगी अर्जेंट मदद

'लॉक अप 2' के बाद आकांक्षा चमोला ने इंस्टाग्राम पर यूज़रनेम बदलने के लिए मेटा से मदद मांगी है. उनके मौजूदा यूज़रनेम में 'Khanna' शामिल है, जिससे सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या वह गौरव खन्ना का सरनेम हटाने की तैयारी कर रही हैं.

Instagram
Babli Rautela

'लॉक अप 2' खत्म होने के बाद टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका इंस्टाग्राम यूज़रनेम है. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर मेटा और इंस्टाग्राम टीम से मदद मांगते हुए बताया कि वह कई कोशिशों के बावजूद अपना यूज़रनेम नहीं बदल पा रही हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या वह अपने यूज़रनेम से पति गौरव खन्ना का सरनेम हटाने की तैयारी कर रही हैं.

आकांक्षा चमोला ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर Meta Team, Meta India और Instagram को टैग करते हुए लिखा कि उन्हें यूज़रनेम बदलने के लिए तुरंत मदद चाहिए. उन्होंने बताया कि वेरिफिकेशन से जुड़ी तकनीकी पाबंदियों के कारण कई प्रयासों के बाद भी उनका यूज़रनेम अपडेट नहीं हो पा रहा है. एक्ट्रेस ने संबंधित टीम से इस समस्या का समाधान बताने की अपील की.

यूजरनेम बना चर्चा का विषय

फिलहाल आकांक्षा का इंस्टाग्राम यूज़रनेम akankshagkhanna है, जबकि उनके प्रोफाइल बायो में केवल Akanksha Chamola लिखा हुआ है. इसी वजह से सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि वह अपने यूज़रनेम से 'Khanna' हटाना चाहती हैं. हालांकि, आकांक्षा ने अपनी पोस्ट में कहीं भी यह साफ नहीं कहा कि वह किस नाम से नया यूज़रनेम रखना चाहती हैं.


'लॉक अप 2' में किया था तलाक का खुलासा

'लॉक अप 2' के दौरान आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे. उन्होंने बताया था कि वह और उनके पति गौरव खन्ना पिछले लगभग एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों तलाक की प्रक्रिया में हैं. शो में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि अब वह दोबारा शादी नहीं करना चाहतीं और पहली बार अपनी जिंदगी में अकेले रहने का फैसला कर चुकी हैं.

रियलिटी शो के एक अन्य एपिसोड में आकांक्षा ने कहा था कि उनमें 'मैटरनल इंस्टिंक्ट' महसूस नहीं होता. उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में वह मां बनने के बारे में सोचती थीं, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह उनकी पसंद नहीं है. उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि गौरव खन्ना से शादी से पहले वह खुद को बायसेक्शुअल मानती थीं और इस बारे में खुलकर बात करने में उन्हें कोई झिझक नहीं है.

'लॉक अप 2' में रहीं चर्चा का केंद्र

27 जून से 5 अगस्त तक नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुए 'लॉक अप 2: सच या सज़ा' में आकांक्षा चमोला अपने बेबाक बयानों की वजह से लगातार सुर्खियों में रहीं. शो का खिताब श्रेया कालरा ने जीता, जबकि शिवांगी जोशी रनर अप रहीं. योगेश रावत तीसरे और शिल्पा शिंदे चौथे स्थान पर रहीं. फिलहाल आकांक्षा के यूज़रनेम बदलने की कोशिश ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है, लेकिन उन्होंने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि नया यूज़रनेम क्या होगा या उसके पीछे की वजह क्या है.