मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 जहां बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं अब यह एक बड़े विवाद में घिरती नजर आ रही है. फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर पर फिल्ममेकर संतोष कुमार RS ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि धुरंधर 2 की कहानी उनकी लिखी स्क्रिप्ट से मिलती जुलती है.
संतोष कुमार के अनुसार, उन्होंने यह कहानी साल 2023 में लिखी थी और इसे आधिकारिक तौर पर रजिस्टर भी करवाया था. उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद उन्हें अपनी स्क्रिप्ट और फिल्म की कहानी में काफी समानता नजर आई. संतोष का कहना है कि उन्होंने इस कहानी को कई प्रोडक्शन हाउस तक पहुंचाने की कोशिश की थी, ताकि इसे बड़े स्तर पर बनाया जा सके.
संतोष कुमार ने दावा किया कि उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट को कई बड़े बैनर्स के सामने पेश किया था. इनमें Sony Pictures, Zee Studios, T-Series और धर्मा प्रोडक्शंस जैसे नाम शामिल हैं. उनका कहना है कि बड़े कलाकारों को जोड़ने के लिए उन्होंने कॉर्पोरेट सपोर्ट की तलाश की थी. उस समय उन्होंने फिल्म के लीड रोल के लिए आदित्य रॉय कपूर को भी ध्यान में रखा था.
संतोष कुमार ने साफ कहा है कि वह इस मामले में कानूनी कदम उठाने की तैयारी कर रहे हैं. उनका दावा है कि उनके पास अपनी स्क्रिप्ट के रजिस्ट्रेशन और ईमेल बातचीत के सभी सबूत मौजूद हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी कहानी को गलत तरीके से पेश किया गया है और इसे एक अलग दिशा दे दी गई है, जिससे उन्हें काफी दुख हुआ है.
फिल्म इंडस्ट्री में स्क्रिप्ट चोरी को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं. संतोष कुमार ने अपने मामले को इसी बड़ी समस्या का हिस्सा बताया है. उन्होंने कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह किसी और के साथ नहीं होना चाहिए. इसलिए वह इस मुद्दे को सामने ला रहे हैं.
फिल्म की सफलता पर नहीं पड़ा असर
विवाद के बावजूद धुरंधर 2 की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा है. फिल्म दुनिया भर में 1435 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. इसने दंगल जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड को भी चुनौती दी है. फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए हैं.