Aamir Khan Third Wedding: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. 61 वर्षीय अभिनेता 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करने वाले हैं. इस बार आमिर ने सादगी भरी शादी का फैसला किया है. आमिर खान ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि उनकी तीसरी शादी बेहद साधारण और घरेलू तरीके से होगी.
उन्होंने कहा- 'यह एक बहुत ही साधारण रजिस्टर्ड मैरिज होगी. सिर्फ दोनों परिवारों के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही मौजूद रहेंगे. हम दोनों इसे बहुत बेसिक रखना चाहते हैं.' आमिर इस समय अमेरिका में यात्रा पर हैं. उन्होंने वहां इंटरव्यू में शादी की तारीख की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को मुंबई में यह शादी होनी है.
आमिर खान ने साफ कहा कि शादी किसी बड़े होटल या भव्य समारोह में नहीं, बल्कि घर पर ही होगी. अभी यह नहीं पता चल सका है कि शाहरुख खान, सलमान खान समेत उनके बॉलीवुड के करीबी दोस्त शादी में शामिल होंगे या नहीं. आमिर चाहते हैं कि यह मौका सिर्फ परिवार और बेहद नजदीकी लोगों तक सीमित रहे.
गौरी स्प्रैट से आमिर की मुलाकात के बाद से ही दोनों की जोड़ी सुर्खियों में रही. आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को मीडिया के सामने पेश किया था. अब दोनों शादी के बंधन में बंधकर अपनी रिलेशनशिप को नया नाम देने जा रहे हैं.
आमिर खान ने गौरी की तारीफ करते हुए कहा कि 'मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं दोबारा रिलेशनशिप में आऊंगा. गौरी बहुत शांत और स्थिर व्यक्तित्व की हैं. वे एक शानदार इंसान हैं. मुझे उनसे मिलकर बहुत खुशी और भाग्यशाली महसूस होता है.' आमिर ने आगे कहा कि उनकी पिछली शादियां रीना और किरण के साथ काम नहीं कर पाईं, लेकिन वे इन सभी महिलाओं के लिए आभारी हैं.